बीबीएयू में हरित भारत अभियान को मिली नई गति, कुलपति ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में मंगलवार को बागवानी एवं सौंदर्यीकरण अनुभाग की ओर से बिरसा मुंडा छात्र गतिविधि केंद्र परिसर में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों, गैर शिक्षण कर्मचारियों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बीबीएयू के सलाहकार प्रो. के.के. पाण्डेय, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. नरेंद्र कुमार, आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा तथा बागवानी एवं सौंदर्यीकरण अनुभाग के अध्यक्ष प्रो. जी.सी. यादव सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि प्रकृति और मानव का संबंध एक-दूसरे का पूरक है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण देना है तो वृक्षारोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानकर जनआंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, जलवायु संतुलन और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के बीच प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाए।
पौधारोपण के साथ संरक्षण पर भी दिया जोर
-------------------------------------------------------------------------------------------
कुलपति ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा ही मानवता की रक्षा है और हरित, स्वच्छ तथा पर्यावरण संतुलित भारत ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला बन सकता है।
विश्वविद्यालय परिसर को हरित बनाने वाले मालियों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ और हरित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मालियों को सम्मानित किया। उन्होंने उनके योगदान की सराहना करते हुए परिसर की हरियाली बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की अपील की।
शिक्षक, कर्मचारी और छात्र रहे मौजूद
कार्यक्रम में हार्टिकल्चर इंस्पेक्टर डॉ. समीर दीक्षित, डॉ. मनोज कुमार डडवाल, डॉ. रवि शंकर वर्मा सहित अन्य शिक्षक, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी, माली और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

