मिशन एजुकेशन के तहत 80 बच्चों को मिली स्टेशनरी किट, पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार अपनाने के लिए किया प्रेरित

गोंडा: मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से शनिवार को मिशन एजुकेशन कार्यक्रम के तहत प्राथमिक विद्यालय देवरिया चूड़ामणि, शिक्षा क्षेत्र झंझरी में करीब 80 बच्चों को निशुल्क स्टेशनरी और लेखन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का आयोजन संस्था के संस्थापक सतपाल महाराज की प्रेरणा से किया गया। बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनके चारित्रिक, नैतिक और मानसिक विकास के महत्व की जानकारी भी दी गई।

बच्चों को कॉपी-पेन समेत दी गई स्टेशनरी किट
श्री हंस ज्ञान आश्रम गोंडा की प्रभारी महात्मा अगोचरा बाई और महात्मा मर्यादा बाई के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल, रबर, कटर और ज्योमेट्री बॉक्स समेत अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री दी गई। स्टेशनरी मिलने पर बच्चों में उत्साह देखने को मिला।
डॉक्टर, इंजीनियर और देश के सिपाही बनने की दी सीख
कार्यक्रम के दौरान संस्था की प्रभारी महात्मा अगोचरा बाई और महात्मा मर्यादा बाई ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे शिक्षा के जरिए अपने भविष्य को बेहतर बनाएं और आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर और देश के सिपाही बनें।
बच्चों को उनके चारित्रिक, नैतिक और मानसिक विकास के महत्व के बारे में भी बताया गया। उन्हें माता-पिता और गुरुजनों की आज्ञा मानने तथा उनका सम्मान करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि भौतिक शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और आध्यात्मिक ज्ञान भी व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय की ओर से संस्था का जताया आभार
विद्यालय के सहायक अध्यापक अरुण मिश्र ने इस पहल के लिए मानव उत्थान सेवा समिति के संस्थापक सतपाल महाराज, हंस ज्ञान आश्रम गोंडा की प्रभारी महात्माओं और संस्था के सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों के लिए किए गए इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक रीतू चंद्रा श्रीवास्तव, श्वेताम्बरी आर्या, मालिनी चतुर्वेदी, तीरथ प्रसाद सोनी, मोहित प्रजापति, यूथ विंग कोऑर्डिनेटर शिवराम प्रजापति, राजेश मिश्रा, दुर्गेश श्रीवास्तव, संतोष वर्मा, सुभाष समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
