बरेली में अब महंगी होगी जमीन-मकान की खरीद, 25 अगस्त से लागू हो सकते हैं नए सर्किल रेट
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में जमीन और मकान खरीदना आने वाले दिनों में महंगा हो सकता है। प्रशासन ने वर्ष 2026-27 के लिए संशोधित सर्किल रेट की सूची तैयार कर ली है। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों में जमीन की मौजूदा दरों में 5 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। कुछ इलाकों में इससे अधिक वृद्धि का प्रस्ताव भी शामिल है। हालांकि, प्रस्तावित दरें अभी अंतिम नहीं हुई हैं और प्रशासन ने लोगों से आपत्तियां व सुझाव मांगे हैं।
सदर प्रथम में जमीन की दरों में 20 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव

बरेली सदर प्रथम क्षेत्र में अकृषक भूमि की दरों में उपयोगिता के आधार पर शून्य से 20 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित है। कृषि भूमि की दरों में शून्य से 12 प्रतिशत और वाणिज्यिक एकल भूमि में औसतन 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है।
इसके अलावा एकल वाणिज्यिक भवनों से अलग कॉम्प्लेक्स की दरों में सभी राजस्व गांवों और मोहल्लों में औसतन 5 प्रतिशत वृद्धि प्रस्तावित की गई है। डीमार्ट से कनाट प्लेस और क्लॉक टावर होते हुए बीसलपुर मार्ग तक प्रस्तावित रास्ते में आने वाले चंद्रपुर विचपुरी और डोहरा के लिए भी नई दरें प्रस्तावित की गई हैं। निर्माण की दरों में शून्य से 10 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव है।
सदर द्वितीय क्षेत्र में भी बढ़ेंगी दरें
सदर द्वितीय क्षेत्र में कृषि और अकृषक भूमि की दरों में शून्य से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। वाणिज्यिक एकल भूमि की दरों में भी शून्य से 20 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है।
राजस्व गांवों की कृषि भूमि की बेसिक दरें उनकी महत्ता और उपयोगिता के आधार पर संशोधित करने की तैयारी है। वहीं, एकल वाणिज्यिक भवनों से अलग कॉम्प्लेक्स की दरों में अलग-अलग राजस्व गांवों और मोहल्लों में शून्य से 16 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है।
17 अगस्त तक दे सकते हैं आपत्ति और सुझाव
प्रशासन ने संशोधित सर्किल रेट सूची 11 अगस्त को जारी की है। लोग 17 अगस्त तक प्रस्तावित दरों को लेकर अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद 20 अगस्त को जनप्रतिनिधियों, बार एसोसिएशन, दस्तावेज लेखक संघ और अन्य संगठनों के साथ बैठक कर आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।

प्रस्तावित प्रक्रिया के अनुसार संशोधित दर सूची 24 अगस्त को जिलाधिकारी के हस्ताक्षर के लिए पेश की जाएगी और 25 अगस्त से नई दरें लागू करने की तैयारी है।
आंवला में कृषि भूमि की दर 25 फीसदी तक बढ़ाने का प्रस्ताव
आंवला क्षेत्र के कुछ गांवों में कृषि भूमि की सर्किल दरों में 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा आंवला और फरीदपुर में जमीन की कई श्रेणियों की दरों में करीब 10 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित की गई है।
नवाबगंज में भी बढ़ सकती हैं जमीन की दरें
नवाबगंज में अकृषक और कृषि भूमि की दरों में 5 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। वाणिज्यिक भूमि की दर में औसतन 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है। नगर पालिका नवाबगंज की सीमा से दो किलोमीटर के दायरे में आने वाले कुछ गांवों को अर्द्धनगरीय क्षेत्र में शामिल करने की भी तैयारी है।
बहेड़ी में 5 से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव
बहेड़ी क्षेत्र में कृषि और अकृषक भूमि की दरों में 5 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित की गई है। कुछ मोहल्लों में अकृषक भूमि की दर 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। तेजी से विकसित हो रहे कुछ गांवों को विकासशील गांव की श्रेणी में शामिल करने की तैयारी भी है। इसके अलावा बहेड़ी में चार प्रमुख सड़कों से जुड़े हिस्सों को भी चिह्नित किया गया है।
