मनोरंजन

कृति सेनन की रक्षा बंधन वाली एड पर विवाद के बाद बड़ा एक्शन, GIVA ने सोशल मीडिया से हटाया विज्ञापन

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन की रक्षा बंधन से जुड़ी विवादित विज्ञापन को लेकर चल रहे विवाद के बीच ज्वैलरी ब्रांड GIVA ने विज्ञापन को अपने सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। 20 जुलाई को सोशल मीडिया पर जारी किए गए इस विज्ञापन में कृति सेनन के पहनावे को लेकर यूजर्स ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने के बाद अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी विज्ञापन में कृति के परिधान पर सवाल उठाए थे।

GIVA ने विज्ञापन हटाते हुए क्या कहा

ब्रांड ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करता है। ब्रांड के मुताबिक, उसका उद्देश्य परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मनाना था और इस बार इसमें पालतू जानवरों को भी शामिल करने की कोशिश की गई थी। GIVA ने कहा कि अगर हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं तो ऐसा करने का उसका कोई इरादा नहीं था। इसी सम्मान के चलते विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। ब्रांड ने त्योहार के मौसम में लोगों के लिए प्यार और सकारात्मकता की कामना भी की।

कृति के कपड़ों को लेकर क्यों हुआ विवाद

विज्ञापन सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कमेंट सेक्शन में कई यूजर्स ने कृति सेनन के पहनावे को लेकर सवाल उठाए। कुछ लोगों ने इसे भारतीय और हिंदू परंपराओं के अनुरूप नहीं बताया। एक यूजर ने सवाल किया कि बिकिनी पहनकर भाई को राखी कौन बांधता है। वहीं, कुछ अन्य यूजर्स ने विज्ञापन को हिंदू त्योहार का मजाक उड़ाने वाला बताया।

कंगना रनौत ने भी जताई थी आपत्ति

विज्ञापन को लेकर अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी कृति सेनन का नाम लिए बिना सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब महिलाओं के पास अलग-अलग तरह के कपड़े पहनने के विकल्प मौजूद हैं तो भाई को राखी बांधते समय बिकिनी या अंडरगारमेंट्स पहनने की जरूरत क्यों है। कंगना ने विज्ञापन को जानबूझकर अजीब और असहज करने वाला बताया था।

-------------------------------------------------------------------------------------------

कृति सेनन ने ट्रोलिंग पर दिया था जवाब

विवाद बढ़ने के बाद कृति सेनन ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि त्योहारों का वास्तविक अर्थ कपड़ों से नहीं, बल्कि परंपराओं के प्रति भावनाओं और उनके महत्व से जुड़ा होता है। कृति ने रक्षाबंधन को सुरक्षा और आपसी देखभाल का बंधन बताते हुए कहा कि वह और उनकी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और एक-दूसरे की सेहत, खुशी और लंबी उम्र की कामना करती हैं।

कृति ने महिलाओं के पहनावे पर सवाल उठाने वालों को दिया संदेश

कृति ने कहा था कि वह और उनकी बहन अपने पालतू कुत्तों के लिए भी इसी तरह की प्रार्थना और वादा करती हैं, क्योंकि वे भी परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने महिलाओं के पहनावे को लेकर सवाल उठाने की सोच पर भी प्रतिक्रिया दी। कृति के मुताबिक, समय के साथ पारंपरिक परिधान और फैशन में बदलाव आया है, लेकिन किसी महिला की संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उसके कपड़ों से नहीं आंका जाना चाहिए। उनके अनुसार संस्कृति और परंपरा व्यक्ति के दिल में होती है, केवल कपड़ों की नेकलाइन में नहीं।

विज्ञापन हटाए जाने के बाद थमा विवाद?

कृति सेनन के इस विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर कई दिनों से बहस चल रही थी। एक तरफ कुछ यूजर्स ने इसे लेकर आपत्ति जताई, वहीं कृति ने अपने जवाब में महिलाओं के पहनावे और संस्कृति को लेकर अलग नजरिया सामने रखा था। अब GIVA की ओर से विज्ञापन हटाए जाने के बाद इस पूरे विवाद को लेकर ब्रांड का रुख भी सामने आ गया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------