Sunday, August 30, 2026
Latest:
Top Newsदेशराजनीति

खड़गे के ‘शुद्धिकरण’ पर भड़के राहुल गांधी, बोले- देश में संविधान और संघ की विचारधारा के बीच लड़ाई

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जिस रामलीला मैदान में खड़गे ने भाषण दिया था, वहां बाद में ‘शुद्धिकरण’ किया गया। राहुल गांधी ने इस मामले में प्रधानमंत्री के हस्तक्षेप और प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश की मांग की है।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ इस तरह की घटना हो सकती है तो इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम लोगों और खासकर दलितों के साथ किस तरह का भेदभाव किया जाता होगा। उन्होंने मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की।

‘शुद्धिकरण’ को राहुल ने बताया छुआछूत का दूसरा नाम

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि किसी व्यक्ति के किसी स्थान पर जाने के बाद उसके ‘शुद्धिकरण’ की रस्म किया जाना छुआछूत से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि संविधान में छुआछूत को गैरकानूनी घोषित किया गया है। राहुल का दावा है कि ऐसी रस्मों के जरिए दलितों को अशुद्ध बताने की मानसिकता सामने आती है।

उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल गांवों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरों में भी दलितों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आती रहती हैं। राहुल गांधी ने कुएं से पानी लेने पर रोक और चाय की दुकानों पर अलग-अलग कप दिए जाने जैसी घटनाओं का उदाहरण दिया।

राजस्थान और उत्तराखंड की घटनाओं का भी किया जिक्र

कांग्रेस नेता ने राजस्थान और उत्तराखंड का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में कांग्रेस विधायक दल के नेता के मंदिर जाने के बाद मंदिर का ‘शुद्धिकरण’ किया गया था। राहुल गांधी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में आज भी दलितों के साथ इस तरह का भेदभाव मौजूद है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

उन्होंने कहा कि संविधान ने छुआछूत को गैरकानूनी बनाया है, लेकिन इसके बावजूद भेदभाव की घटनाएं खत्म नहीं हुई हैं। उन्होंने स्कूलों में दलित बच्चों से शौचालय साफ कराने और झाड़ू-पोछा करवाने जैसी घटनाओं का भी जिक्र किया।

बीजेपी और आरएसएस पर राहुल का सीधा हमला

राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब किसी व्यक्ति के मंदिर जाने के बाद वहां ‘शुद्धिकरण’ किया जाता है, तो इसका अर्थ है कि उस व्यक्ति को अछूत या अशुद्ध समझा जा रहा है। उन्होंने ऐसी घटनाओं को संविधान की भावना के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग दोहराई।

राहुल गांधी ने कहा कि देश में मौजूदा संघर्ष केवल राजनीतिक दलों के बीच नहीं है, बल्कि यह संविधान में निहित समानता और भेदभाव वाली विचारधारा के बीच की लड़ाई है। उन्होंने सरकार से हल्द्वानी की घटना को गंभीरता से लेने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------