आईवीआरआई द्वारा नवीनतम वैक्सीन प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन

बरेली, 09 सितम्बर। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान(IVRI), इज्जतनगर ने 10वीं आसियान–भारत कृषि कार्य समूह में भाग लिया तथा प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी के माध्यम से पशु स्वास्थ्य से संबंधित अपनी नवीनतम वैक्सीन प्रौद्योगिकियों एवं नवाचारों का प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से पशु रोगों की रोकथाम, बेहतर पशु स्वास्थ्य और टिकाऊ पशुधन उत्पादन में संस्थान के योगदान को प्रदर्शित किया गया।
यह बैठक कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE), भारत सरकार द्वारा 8 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित की गई। बैठक में 11 आसियान सदस्य देशों के 45 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह बैठक कृषि एवं वानिकी के क्षेत्र में भारत–आसियान सहयोग को और सुदृढ़ करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई।
बैठक की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से डॉ. एम. एल. जाट, सचिव, डेयर एवं महानिदेशक, आईसीएआर तथा आसियान की अध्यक्षता फिलीपींस की ओर से की गई। बैठक ने कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में भारत और आसियान देशों के बीच सहयोग को और व्यापक बनाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
बैठक के दौरान चल रही सहयोगात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ क्षमता निर्माण, जलवायु-सहिष्णु कृषि, अनुसंधान एवं नवाचार तथा टिकाऊ, समावेशी एवं भविष्य के लिए तैयार कृषि प्रौद्योगिकियों से संबंधित नई पहलों पर विचार-विमर्श किया गया। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

-------------------------------------------------------------------------------------------
