गणेश चतुर्थी, मूर्ति विसर्जन एवं दुर्गा पूजा के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक सम्प

गोण्डा। आज दिनांक 17.09.2026 को जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार कक्ष, गोण्डा में आगामी गणेश चतुर्थी, गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं दुर्गा पूजा पर्वों को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के दृष्टिगत सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए पीस कमेटी के सदस्य, गणमान्य नागरिक, धार्मिक आयोजनों के आयोजक एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी पर्वों के आयोजन, मूर्ति स्थापना, जुलूस एवं विसर्जन कार्यक्रमों को लेकर आयोजकों एवं प्रशासन के मध्य आवश्यक समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा की गयी। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पीस कमेटी के सदस्यों एवं आयोजन समितियों के पदाधिकारियों से उनके क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गयी। संबंधित आयोजकों से मूर्ति स्थापना स्थल, जुलूस एवं शोभायात्रा के मार्ग, विसर्जन स्थल, कार्यक्रम की तिथि एवं समय तथा अपेक्षित भीड़ के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की गयी। अधिकारियों द्वारा कहा गया कि सभी आयोजक निर्धारित नियमों एवं अनुमति के अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित करें। जुलूस एवं शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग में बिना अनुमति परिवर्तन न किया जाए तथा निर्धारित समय का पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में आगामी पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी। महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार पुलिस गश्त एवं निगरानी रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मूर्ति विसर्जन के दौरान विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की उपलब्धता, सुरक्षा उपकरण, यातायात व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों का चिन्हांकन कर सतर्कता बरतने, नियमित भ्रमण एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं पर सतर्क निगरानी रखने की बात कही गयी। भ्रामक, अफवाहजनक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट/वीडियो के प्रसारण पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आमजन से अपील की गयी कि सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के प्रसारित या साझा न करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी धर्मों के आयोजकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्वों को मनाने की अपील की गयी। अधिकारियों ने कहा कि जनपद में सभी धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। बैठक में उपस्थित पीस कमेटी के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन एवं पुलिस को पूर्ण सहयोग प्रदान करने तथा आगामी सभी पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ सम्पन्न कराने का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन एवं गोण्डा पुलिस द्वारा आगामी गणेश चतुर्थी, मूर्ति विसर्जन एवं दुर्गा पूजा पर्वों के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं तथा सभी संबंधित विभागों एवं आयोजकों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

-------------------------------------------------------------------------------------------
*मीडिया सेल, गोण्डा।*

