Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

अखिलेश यादव के नाम से आपत्तिजनक पोस्टर लगाने पर सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश, पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग

गोंडा: चौपाल सागर, एससीपीएम और बालपुर पुल के पास समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नाम से आपत्तिजनक और विवादित पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के पोस्टर तीसरी बार लगाए गए हैं। सोमवार, 21 सितंबर 2026 को भी पोस्टर लगाए जाने की जानकारी मिलने के बाद कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।

पोस्टर फाड़ने के बाद पुलिस को दिया शिकायत पत्र

मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप यादव (दीपू प्रधान) के नेतृत्व में यूथ ब्रिगेड, छात्र सभा और अन्य युवा कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर फाड़ दिए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तत्काल कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक को शिकायत आवेदन पत्र दिया।

शिकायत में विभिन्न अज्ञात लोगों द्वारा बार-बार आपत्तिजनक और विवादित पोस्टर लगाए जाने की बात कही गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की छानबीन कर पोस्टर लगाने वालों को चिन्हित करने, मुकदमा दर्ज करने और दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की।

पुलिस ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को लेकर पार्टी के युवा साथियों में आक्रोश है।

इस दौरान मेराज अहमद, प्रदेश सचिव यूथ ब्रिगेड, जावेद अख्तर मंटू, जिला प्रवक्ता, अफजल खान, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा, सिद्धार्थ सिंह मोनू, जिला अध्यक्ष छात्र सभा, संजय साहू, जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, लाल चंद गौतम, प्रदेश सचिव लोहिया वाहिनी, आलोक यादव, विधानसभा अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड, राहुल शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड, मोनू यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------