यूरोप में प्रदर्शनों पर पीयूष गोयल का तंज, बोले- भारतीय सड़कों पर उतरकर अशांति नहीं फैलाते
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने यूरोप के कुछ हिस्सों में हो रहे प्रदर्शनों के बीच भारतीय समुदाय की शांतिप्रिय छवि की तारीफ की है। जर्मनी और नीदरलैंड के दौरे पर गए गोयल ने कहा कि दूसरे देशों में भारतीयों को सम्मान मिलता है, क्योंकि वहां के लोग जानते हैं कि भारतीय आमतौर पर शांति से रहते हैं और समाज में अशांति नहीं फैलाते।पीयूष गोयल ने कहा, “इस देश में भारतीयों को काफी सम्मान मिलता है और उनका स्वागत किया जाता है। यहां के लोग जानते हैं कि भारतीय तोड़फोड़ नहीं करते और न ही सड़कों पर उतरकर समाज में अशांति फैलाते हैं। जैसा कि यूरोप के कुछ अन्य हिस्सों में देखने को मिल रहा है।”
भारतीय समुदाय को बताया शांतिप्रिय
पीयूष गोयल ने भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय शांतिप्रिय होते हैं और अपने परिवारों के साथ रहते हुए उनकी देखभाल करते हैं। उनके मुताबिक, भारतीयों का यही व्यवहार विदेशों में उन्हें सम्मान दिलाता है। उन्होंने यूरोप के कुछ हिस्सों में जारी प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए भारतीय समुदाय की छवि को इससे अलग बताया।
यूरोप में रह रहे भारतीयों के लिए विदेश मंत्रालय की सलाह
पीयूष गोयल का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत ने फ्रांस, इटली और अन्य यूरोपीय देशों में रह रहे अपने नागरिकों को हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों से सावधानी बरतने और यात्रा के दौरान आसपास के हालात पर नजर रखने को कहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि फ्रांस, इटली और बेल्जियम में भारतीय मिशन मौजूदा स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। साथ ही, वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है।

प्रदर्शन वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह
यूरोपीय देशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कुशलता को लेकर पूछे गए सवाल पर रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारतीयों को सतर्क रहने, बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और उन इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है, जहां विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।
विदेश मंत्रालय की यह सलाह ऐसे समय आई है, जब यूरोप के कुछ हिस्सों में प्रदर्शनों के कारण सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। भारतीय मिशन हालात पर नजर रखते हुए वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
