ओमान के तट के पास भारतीय जहाज पर हमला, गुजरात के नाविक की मौत; 13 को बचाया गया
नई दिल्ली: ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले एक कार्गो जहाज पर हुए हमले में गुजरात के एक नाविक की मौत हो गई। जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे, जिनमें से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया। केंद्रीय शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि सोमवार को ओमान के तट के पास गुजर रहे जहाज को किसी अज्ञात हवाई वस्तु से निशाना बनाया गया था।अज्ञात हवाई वस्तु से किया गया हमला
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, हमले का शिकार हुए जहाज की पहचान MSV Al Jusufi के रूप में हुई है। जहाज ओमान के तट के पास से गुजर रहा था, तभी उस पर अज्ञात हवाई वस्तु से हमला हुआ। घटना के बाद ओमान के कोस्ट गार्ड ने बचाव अभियान चलाकर जहाज पर सवार 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हालांकि, एक भारतीय नाविक गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गुजरात निवासी गंधार नाहीम अजीज के रूप में हुई है।
नाविकों और पार्थिव शरीर को भारत लाने की तैयारी
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नाविक की मौत पर दुख जताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मंत्रालय और ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।

मंत्री के अनुसार, 13 जीवित बचे नाविकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही सभी जीवित क्रू सदस्यों और मृत नाविक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जा रही है।
खाड़ी क्षेत्र में तनाव से भारतीय नाविकों की चिंता बढ़ी
खाड़ी क्षेत्र और उसके आसपास के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर जारी तनाव का असर भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर भी पड़ रहा है। अमेरिका-ईरान संघर्ष और हूतियों के सऊदी अरब पर हमलों के बीच भारतीय झंडे वाले जहाजों पर हमले की घटनाएं अब तक अपेक्षाकृत कम रही हैं, लेकिन क्षेत्र में बढ़ते तनाव ने समुद्री परिवहन से जुड़े भारतीय नागरिकों की मुश्किलें बढ़ाई हैं।
सरकार की ओर से पिछले सप्ताह जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस साल फरवरी में अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले शुरू होने के बाद से कम से कम 22 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इनमें 14 ऐसे लोग थे, जो समुद्री जहाजों पर नाविक के रूप में काम कर रहे थे।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
