Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मुख्यमंत्री ने गोंडा को दी 520 करोड़ रुपये से अधिक की 69 विकास परियोजनाओं की सौगात

*गोण्डा, 02 नवम्बर 2026* – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनपद गोण्डा में 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए सभी जनपदों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करा रही है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में अकेले जनपद गोण्डा के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जबकि देवीपाटन मंडल में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू और दंगों से मुक्त होकर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। पर्व एवं त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जा रहे हैं। नवरात्र के दौरान पूरे प्रदेश में लगभग 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं और सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को अपनी आस्था एवं परंपराओं के अनुरूप धार्मिक आयोजन करने की स्वतंत्रता मिले और किसी को भी अनावश्यक परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में 7 नवंबर को दीपोत्सव का दसवां संस्करण आयोजित होगा। अयोध्या में प्रज्ज्वलित होने वाले दीपों की रोशनी विकास के रूप में गोण्डा सहित पूरे देवीपाटन मंडल तक पहुंचेगी। सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

*गोण्डा में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार*

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में महाराजा देवी बख्श सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया गया है। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किया गया है तथा बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। देवीपाटन मंडल में विश्वविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए अन्य जनपदों एवं प्रदेशों की ओर न जाना पड़े।

उन्होंने कहा कि गोण्डा में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। पहले गोण्डा से देवीपाटन स्थित मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ पहुंचने में ढाई से तीन घंटे लगते थे, लेकिन अब सड़क एवं परिवहन सुविधाओं में सुधार से आवागमन सुगम हुआ है।

*युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध करा रही है। अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र वितरित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी क्रम में दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों तथा 42 हजार होमगार्ड जवानों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शिक्षकों, अधीनस्थ सेवाओं एवं अन्य विभागों में भी 25 से 30 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चार वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद लौटने वाले अग्निवीरों को प्रदेश सरकार के पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन विभाग एवं कारागार सहित विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्हें निर्धारित व्यवस्था के अंतर्गत बिना परीक्षा सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति देने की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गोण्डा के युवाओं को रोजगार के लिए बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली जैसे महानगरों की ओर पलायन न करना पड़े, बल्कि उन्हें अपने जनपद और क्षेत्र में ही रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारकर स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

*किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई पहल*

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पराली एवं गोबर का भी आर्थिक उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। कंप्रेस्ड बायोगैस के माध्यम से प्रत्येक जनपद में इथेनॉल उत्पादन की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा।

*गरीबों को मिल रहा योजनाओं का लाभ*

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। गरीब परिवारों को निःशुल्क राशन, रसोई गैस कनेक्शन एवं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जरूरतमंद मरीजों को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। दीपावली से पहले गरीब परिवारों को एक भरा हुआ रसोई गैस सिलेंडर निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना भी है।

*धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का हो रहा विकास*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ प्रमुख आस्था केंद्रों का पुनरुद्धार, सौंदर्यीकरण एवं बेहतर कनेक्टिविटी विकसित कर रही है। जनपद गोण्डा में बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर, स्वामीनारायण मंदिर छपिया और मां वाराही देवी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने 7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव में सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गांव एवं आसपास के आस्था केंद्रों पर दीप प्रज्ज्वलित करे तथा जरूरतमंद परिवारों के साथ भी दीपावली की खुशियां साझा करे।

इस अवसर पर गोण्डा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात वर्मा, प्रेम नारायण पांडेय, अजय सिंह, विनय कुमार द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह एवं मंजू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be