फांसी पर लटकी मिली युवती, रेप के बाद हत्या, परेशान कर रहा था गांव का एक युवक
मैनपुरी: यूपी के मैनपुरी में थाना क्षेत्र के ग्राम अहिमलपुर में 24 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के समय युवती के परिवारीजन घर पर नहीं थे। जानकारी पाकर परिजन घर पहुंचे तो शव देखते ही चीख पुकार मच गई। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर युवती को परेशान करने और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। सुबह आठ बजे शव उतारा गया और छह घंटे शव नहीं उठने दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया तब परिजनों ने शव पुलिस के हवाले किया। वीडियोग्राफी और चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई पुलिस कर रही है।
घटना बुधवार सुबह की है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 24 वर्षीय एक युवती अपने घर पर थी। उसकी मां बेटी की ससुराल में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने कन्नौज गई थी। रात में किसी समय गांव का ही एक युवक घर में घुस आया और युवती से छेड़खानी करने लगा। आवाज सुनकर उसका चचेरा भाई छत के रास्ते से नीचे पहुंचा और आरोपी को पकड़ लिया। दोनों के बीच हाथापाई हुई।

शोर होने पर आरोपी के परिजन भी वहां पहुंच गए और उसे छुड़ाकर ले गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंची और उस समय मामला शांत करा दिया। सूचना पाकर युवती की मां घर पहुंची तो उसने पीड़िता से मामले की जानकारी ली। मां ने अपने पुत्रों को घटना से अवगत कराया और घर के काम में लग गई। इसी दौरान पीड़िता ने दुपट्टे से फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। ऐसा परिजनों ने बताया।
पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से होगा कारणों का खुलासा
पीड़िता की मौत होने के बाद मां और परिवार के अन्य लोग आरोपी पर छेड़खानी और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने का आरोप लगाने लगे। सूचना पाकर पुलिस फिर गांव पहुंची तो परिजनों ने शव नहीं उठने दिया और आरोपी की गिरफ्तारी व उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मृतका का एक भाई छत्तीसगढ़ और एक पानीपत में था। परिवार के लोगों ने उन्हें बुलाया है। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने भी घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
