छत्तीगसढ़ और गोवा के बाद अब BJP शासित इन 4 राज्यों में हो सकता है कैबिनेट विस्तार, अटकलें तेज
नई दिल्ली । छत्तीसगढ़ और गोवा (Chhattisgarh and Goa) में पिछले सप्ताह हुए मंत्रिमंडल विस्तार (Cabinet Expansion) ने भाजपा (BJP) शासित अन्य राज्यों के नेताओं में भी मंत्री बनने की उम्मीदें जगा दी हैं। विष्णु देव साय सरकार ने तीन नए मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया। दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग विधायक खुशवंत साहब ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में पहली बार मंत्रियों की संख्या 14 हो गई है। 90 सदस्यीय विधानसभा में सामान्यतः 13 मंत्री (सीएम सहित) बनाए जा सकते हैं, लेकिन हरियाणा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी संख्या बढ़ाकर 14 कर दी गई।
गोवा में प्रमोद सावंत सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और रमेश तावड़कर को मंत्री बनाया गया। दोनों नेता दक्षिण गोवा से आते हैं और उनकी एंट्री को पार्टी के इस क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के भीतर अब राजस्थान, ओडिशा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भी कैबिनेट विस्तार की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

राजस्थान: भजनलाल शर्मा सरकार छह नए कैबिनेट मंत्रियों को शामिल करने पर विचार कर रही है ताकि राज्य के विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया जा सके।

ओडिशा: राज्य भाजपा प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर ने बताया कि संगठनात्मक नियुक्तियों और आयोगों में पोस्टिंग पूरी होने के बाद जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार होगा।
उत्तराखंड: जब भी मुख्यमंत्री पुष्कर धामी दिल्ली जाकर पार्टी नेतृत्व से मिलते हैं, मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो जाती हैं।
उत्तर प्रदेश: योगी सरकार में कई पद खाली हैं और मंत्रिमंडल विस्तार पर लगातार चर्चा होती रहती है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक पार्टी पहले नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करेगी, उसके बाद ही विस्तार पर कदम बढ़ाएगी।
