Top Newsदेशराज्य

हैवानियत की हदें पार: दुष्कर्म के बाद महिला को बेरहमी से उतारा मौत के घाट; आंतें बाहर आईं

खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की आंतें बाहर आने की पुष्टि हुई है, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की मौत घटना के लगभग 18 घंटे बाद हुई।

पीड़िता का पोस्टमार्टम करने वाले पैनल में शामिल डॉ. सीमा सूते ने बताया कि जब शव को अस्पताल लाया गया तो उसकी आंतें बाहर निकली हुई थीं। उन्होंने बताया कि यह पेट पर तेज प्रहार या अंदरूनी हिस्से में किसी वस्तु से चोट लगने के कारण हो सकता है। हालांकि, पुलिस जांच में महिला की बच्चेदानी शरीर से बाहर होने जैसी स्थिति से इनकार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो जाएगी।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता 24 मई की सुबह अपने घर पर बेहोश मिली थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को खंडवा जिला अस्पताल भेजा, जहां रविवार दोपहर महिला चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। रोशनी पुलिस ने इस मामले में गांव के दो आरोपी सुनील और हरि के विरुद्ध दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का अंतिम संस्कार गांव में कर दिया गया है।

महिला के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसे उसकी मां हरि के घर पर बेहोशी की हालत में मिली थी। होश आने पर उसकी मां ने बताया कि सुनील और हरि ने उसके साथ गलत काम किया है। पीड़िता के इसी बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह भी बताया कि पीड़िता और दोनों आरोपी एक-दूसरे को जानते थे और घटना की रात तीनों ने साथ में शराब भी पी थी। पीड़िता के बेटे ने बताया कि उसकी मां एक शादी समारोह में गई थी और रात को घर नहीं लौटी। सुबह उन्हें एक पड़ोसी महिला ने बताया कि वह उनके आंगन में बैठी है, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे और उसे बेहोश पाया।

एएसपी ग्रामीण राजेश रघुवंशी ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 23 मई को पीड़िता गांव में एक शादी समारोह में शामिल हुई थी। आरोपी हरि भी उसके साथ था। समारोह के बाद दोनों एक अन्य महिला को उसके खेत वाले घर पर छोड़ने गए थे। वहां से लौटने के बाद पीड़िता हरि के घर गई, जहां कुछ देर बाद सुनील भी आ गया। पुलिस को घटनास्थल पर महिला की बच्चेदानी बाहर निकलने जैसी कोई स्थिति नहीं मिली। एएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अन्य तथ्यों का खुलासा हो पाएगा।