जाट रेजीमेंट केंद्र ,बरेली परिसर में 11 मार्च से 23 मार्च तक होगी अग्निवीर सेना भर्ती आयोजित
बरेली, 27 फ़रवरी।भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर सेना भर्ती को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। जाट रेजीमेंन्ट केन्द्र, बरेली परिसर में 11 मार्च से 23 मार्च तक भर्ती आयोजित होगी। तैयारियों के सम्बन्ध में जाट रेजीमेंन्ट केन्द्र परिसर के सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक, पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम सहित जिला प्रशासन व सेना के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर चल रही तैयारियों का भी निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी नगर ने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने और प्रत्येक व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेना भर्ती रैली के दौरान उत्तर प्रदेश के 12 जनपदों बरेली समेत बहराईच , बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहाँपुर , सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदांयू के हजारों अभ्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। अपर जिलाधिकारी नगर ने कहा कि अभ्यार्थियों की सुविधा के ध्यान में रखते हुए पेयजल, अस्थाई शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाएगी। भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परिवहन विभाग को यातायात सुचारु रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए समुचित व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम को तैयार रहने के निर्देश दिए। साथ-साथ नगर विकास से संबंधित अधिकारी को स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सेना के अधिकारी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण माहौल से संपन्न कराई जाएगी। अभ्यार्थियों से समय पर पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ लाने और अफवाहों एवं दलालों से दूर रहने की अपील की गई हैं।

सेना भर्ती के निदेशक ने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि सभी अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर अपने साथ रखें एवं सभी जरुरी कागजात अवश्य साथ में लेकर आए। किसी भी अभ्यर्थी को किसी कारणवश उन्हे पंजिकृत ई-मेल आईडी से रैली एडमिट कार्ड डाउनलोड नही हो रहा हैं तो वे सेना भर्ती कार्यालय, बरेली में प्रातः 09 बजे से दोपहर 02 बजे के बीच सम्पर्क कर सकते हैं।

संबंधित जिलों के लिए अग्निवीर सेना भर्ती रैली का कार्यक्रम घोषित किया है , जिसने दिनांक 11 मार्च 2026 को अग्निवीर (टेक्निकल) (सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए) ।
दिनांक 12 मार्च 2026 को अग्निवीर (ट्रेड्समेन आठवी एवं दसवी) (सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए तथा अग्निवीर (क्लर्क / एसकेटी) (सभी 12 जिले के अभ्यर्थियों के लिए) । दिनांक 13 मार्च 2026 को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बहराईच, बलरामपुर, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी जिले के अभ्यर्थियों के लिए, दिनांक 14 मार्च 2026 को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) शाहजहाँपुर और सीतापुर जिले के अभ्यर्थियों के लिए, दिनांक 15 मार्च 2026 को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) संभल और पीलीभीत जिले के अभ्यर्थियों के लिए, दिनांक 16 मार्च 2026 को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) हरदोई जिले के अभ्यर्थियों के लिए, दिनांक 17 मार्च 2026 को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) फर्रुखाबाद जिले के अभ्यर्थियों के लिए, दिनांक 18 मार्च 2026 को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बदांयू जिले के अभ्यर्थियों के लिए तथा दिनांक 19 मार्च 2026 को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) बरेली जिले के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
