उत्तर प्रदेशगोंडा

निपुण भारत मिशन की चुनौतियों पर चर्चा, एआरपी प्रतिनिधिमंडल ने सहायक शिक्षा निदेशक से की मुलाकात

गोंडा। जिले में निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और क्षमता संवर्धन से जुड़ी चुनौतियों को लेकर एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के प्रतिनिधिमंडल ने सहायक शिक्षा निदेशक देवीपाटन राम सागर पति त्रिपाठी से मुलाकात की। यह बैठक गोंडा स्थित डाइट दर्जीकुआं परिसर में आयोजित हुई, जिसमें मिशन के संचालन के दौरान सामने आ रही समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई।

बैठक में एआरपी एसोसिएशन के मंडल संयोजक मनोज दीक्षित और प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानेश्वर पाठक ने सहायक शिक्षा निदेशक के समक्ष एआरपी के कार्यों, क्षेत्रीय चुनौतियों और क्षमता विकास की जरूरतों को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने मिशन को और प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षण और संसाधनों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

सहायक शिक्षा निदेशक राम सागर पति त्रिपाठी ने एआरपी को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को बुनियादी शिक्षा में निपुण बनाना है, इसलिए शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि एआरपी के क्षमता संवर्धन के लिए जल्द ही एक विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिससे शिक्षकों और एआरपी को नई रणनीतियों और तकनीकों की जानकारी मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि मिशन में बेहतर परिणाम देने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।

इस अवसर पर एआरपी संगठन के जिला अध्यक्ष दीपक नामदेव, महामंत्री नरेंद्र गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशिलता, अंबुज तिवारी, दिलीप कुमार वर्मा और आकाश सैनी सहित अन्य एआरपी मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------