ओवरटेक की कोशिश बनी आफत: गोरखपुर–लखनऊ हाईवे पर ट्रक, कार और मिक्सर की भीषण टक्कर, चार घायल

संतकबीर नगर। गोरखपुर–लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। टेमा रहमत चौराहे के पास एक ट्रक ने आगे चल रही कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार और ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरे लेन में जा रहे कंक्रीट मिक्सर मशीन से भिड़ गए। हादसे में कार ट्रक के नीचे घुस गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कार में फंसा चालक, कटर से काटकर निकाला गया बाहर
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कार में सवार महिला को बाहर निकाल लिया गया, जबकि चालक कार के अंदर बुरी तरह फंसा रहा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कटर की मदद से कार का ढांचा काटकर चालक को बाहर निकाला जा सका।
डेढ़ घंटे तक हाईवे पर लगा जाम
हादसे की सूचना मिलते ही कांटे चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और यातायात बहाल कराने में जुट गए। दुर्घटना के चलते हाईवे पर लगभग डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
अयोध्या से गोरखपुर जा रहे थे कार सवार
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के कैंट थाना क्षेत्र के दाऊदपुर मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय रणविजय नारायण सिंह अपनी कार से अयोध्या से गोरखपुर जा रहे थे। उनके साथ कार में उनकी 30 वर्षीय भतीजी अंजली सिंह भी मौजूद थीं। जैसे ही वे टेमा रहमत चौराहे पर पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक ने ओवरटेक के प्रयास में उनकी कार को टक्कर मार दी।

डिवाइडर पार कर मिक्सर से टकराए वाहन
टक्कर के बाद ट्रक और कार दोनों डिवाइडर पार कर लखनऊ की ओर जाने वाले लेन में पहुंच गए, जहां उनकी सीमेंट-कंक्रीट मिक्सर मशीन से भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में कार ट्रक के नीचे जा घुसी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
मिक्सर पर बैठे दो युवक भी घायल
हादसे में कार सवार रणविजय नारायण सिंह और अंजली सिंह को मामूली चोटें आईं। वहीं मिक्सर मशीन पर बैठे बीरू और विवेक भी घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मौके का मुआयना कर वाहनों को हटवाया और यातायात सामान्य कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


