बाबा वेंगा ने की थी बहुत बड़ी सुनामी की भविष्यवाणी, किताब में और क्या लिखा
नई दिल्ली: रूस के कामचात्का में आए भीषण भूकंप के बाद अमेरिका और जापान के कुछ हिस्सों में भी तबाही की आशंका है। एक ओर जहां रूस ने प्रभावित इलाकों में आपातकाल लागू कर दिया है। वहीं, अमेरिका और जापान में अधिकारियों ने अलर्ट जारी कर दिया है। दोनों के ही तटीय क्षेत्रों में सुनामी की ऊंची लहरें उठ सकती हैं। इस प्राकृतिक आपदा के बीच जापान के बाबा वेंगा कहे जाने वाले रियो तात्सुकी भविष्यवाणी सच होती नजर आ रही है।
तात्सुकी ने कहा था कि जापान में जुलाई 2025 में आपदा आ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तात्सुकी की ये भविष्यवाणियां 2021 में दोबारा प्रकाशित हुई 1999 की मांगा किताब में 5 जुलाई को भयावह आपदा की चेतावनी दी गई थी। किताब में तात्सुकी ने कथित तौर पर जापान और फिलीपींस के बीच समुद्र के अंदर एक बड़ी दरार बनने का दावा किया था। उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि साल 2011 में हुई तोहोकु आपदा से तीन गुना बड़ी सुनामी आएगी। खास बात है कि इस भविष्यवाणी के चलते पहले ही कई लोगों ने जापान जाने के प्लान को रद्द कर दिया था।


जापान ने रूस के कामचात्का प्रायद्वीप के पूर्वी तट पर आए शक्तिशाली भूकंप के बाद बुधवार को प्रशांत तट के बड़े इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की। मौसम विज्ञान एजेंसी ने आज स्थानीय समयानुसार सुबह 9:40 बजे यह चेतावनी जारी की। चेतावनी में लहरों के तीन मीटर तक ऊंची उठने की आशंका जताई गई है।
उन्होंने बताया कि यह चेतावनी होक्काइडो से वाकायामा प्रान्त तक के तटीय क्षेत्रों को कवर करती है जिसमें आओमोरी, इवाते, मियागी, फुकुशिमा, चिबा, इबाराकी, शिजुओका और इजू द्वीप समूह के कुछ हिस्से शामिल हैं। अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से ऊंचे स्थान पर जाने का आग्रह कर रहे हैं। एजेंसी ने चेतावनी जारी की है कि सुनामी की लहरें और भी ऊंची हो सकती हैं।
