जंगल में रील बना रहे लड़के-लड़कियों पर मधुमक्खियों का हमला, 4 की हालत गंभीर
झारखंड के कोडरमा में रील बना रहे कुछ लड़के लड़कियों की जिंदगी उस वक्त खतरे में पड़ गई जब मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के झुंड के खतरनाक हमले की वजह से चार की हालत गंभीर हो गई है। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना कोडरमा जिले के चंदवारा की है। शुक्रवार सुबह चंदवारा प्रखंड के ग्राम चौराही के रहनेवाले कुछ लड़के-लड़कियां जंगल में रील की शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान एक पेड़ की डाली तोड़ने के बाद मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।

इस हमले में चार को शरीर पर मधुमक्खियों ने जगह-जगह काट लिया। इसके बाद चार लोगों को झुमरी तिलैया के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। टीम में शामिल दो लोगों ने बताया कि पेड़ की डाली तोड़ने क दौरान भड़की मधुमक्खियों ने हमला किया। जिनके पास कैमरे और अन्य सामान थे, वे जंगल में फंसे रह गए और भाग नहीं पाए।
