कानपुर देहात: घरेलू कलह से तंग आकर महिला ने जहरीला पदार्थ खाया, थाने पहुंचकर दी जानकारी
कानपुर देहात। राजपुर थाना क्षेत्र के बिजहरा गांव में घरेलू कलह से परेशान एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया और थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में महिला को पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद महिला का पति फरार हो गया।
थाने पहुंचकर खुद बताया जहर खाने की बात
राजपुर थाना क्षेत्र के बिजहरा गांव निवासी मनोज कुमार की पत्नी जया देवी (48) ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके बाद वह थाने पहुंची और पुलिस को बताया कि उसने आत्महत्या की कोशिश की है। यह सुनते ही पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।
पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया
थानाध्यक्ष कालीचरन ने तुरंत सरकारी जीप से महिला को राजपुर पीएचसी भिजवाया। डॉ. अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज, अकबरपुर रेफर कर दिया।
पति की मारपीट से थी परेशान
महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति मनोज आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। जब उसने विरोध किया, तो पति ने बच्चों के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इससे तंग आकर उसने जान देने की कोशिश की।
पति फरार, पुलिस कर रही जांच
थानाध्यक्ष कालीचरन ने बताया कि महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद से उसका पति फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।