खेल

T20 वर्ल्ड कप के बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका, पिता की गंभीर हालत के चलते अचानक घर लौटे रिंकू सिंह

चेन्नई: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच अचानक इंडिया कैंप छोड़कर अपने घर लौट गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पिता खानचंद सिंह की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई है। वह फोर्थ स्टेज के लिवर कैंसर से जूझ रहे हैं और फिलहाल उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लाइफ सपोर्ट (वेंटिलेटर) पर रखा गया है। परिवार पर आए इस बड़े संकट के कारण रिंकू को अपना वर्ल्ड कप अभियान बीच में ही छोड़कर जाना पड़ा है।

जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मैच से पहले लौटना पड़ा वापस

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, खानचंद सिंह को ग्रेटर नोएडा के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिंकू सिंह सोमवार, 23 फरवरी को ही भारतीय टीम के साथ चेन्नई पहुंचे थे, जहां भारत को सुपर-8 का अपना अगला और अहम मुकाबला 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना है। लेकिन मंगलवार सुबह पिता की गंभीर हालत की खबर मिलते ही वह चेन्नई से अपने घर के लिए रवाना हो गए। इसी वजह से वह मंगलवार शाम को होने वाले अभ्यास सत्र में भी हिस्सा नहीं ले सके और अब उनके जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में भी उपलब्ध रहने की संभावना नहीं है।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सेमीफाइनल की राह हुई और भी मुश्किल

रिंकू सिंह के लिए निजी जिंदगी के साथ-साथ यह वर्ल्ड कप क्रिकेट के लिहाज से भी अब तक कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने इस टूर्नामेंट के 5 मैचों में मात्र 24 रन बनाए हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मुकाबले में तो वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका से 76 रनों की करारी हार झेलने के बाद टीम इंडिया की सेमीफाइनल की डगर पहले ही बेहद कठिन हो चुकी है। वेस्टइंडीज की जिम्बाब्वे पर जीत ने भारत की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब भारत को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ न सिर्फ एक बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि यह भी दुआ करनी होगी कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वेस्टइंडीज को हार का सामना करना पड़े।

---------------------------------------------------------------------------------------------------