Featured NewsTop Newsराज्य

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, एनकाउंटर में जैश से जुड़े दो आतंकी ढेर

 


श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दूरदराज चटरू क्षेत्र में रविवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के दो आतंकवादी मारे गए। सेना ने बताया कि दोनों आतंकी ‘ऑपरेशन त्राशी-I’ के तहत पासेरकुट इलाके में मार गिराए गए। उनके कब्जे से दो एके-47 राइफल सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो और अन्य खुफिया स्रोतों से मिले विश्वसनीय इनपुट के आधार पर किश्तवाड़ में संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादियों को चिन्हित कर उन्हें निष्क्रिय करना था।

सेना की व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि प्रारंभिक संपर्क के बाद काउंटर-इंटेलिजेंस फोर्स (सीआईएफ) डेल्टा की टुकड़ियों ने पुलिस और सीआरपीएफ के साथ मिलकर रविवार सुबह करीब 11 बजे दुर्गम इलाके में आतंकवादियों से दोबारा मुठभेड़ की। सटीक रणनीति और समन्वित कार्रवाई के बाद सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल पर नियंत्रण स्थापित कर दोनों आतंकवादियों को मार गिराया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मारे गए दोनों आतंकी पाकिस्तानी नागरिक थे और प्रतिबंधित जेईएम संगठन से जुड़े थे। वे पहाड़ियों की तलहटी में स्थित एक कच्चे मकान में छिपे हुए थे। सुरक्षाबलों की तलाशी टीम के नजदीक पहुंचते ही आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उन्हें ढेर कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने चटरू के जंगल क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच लगभग आधा दर्जन मुठभेड़ें हुई थीं, जिनमें एक सैनिक और एक आतंकवादी मारा गया था।

रविवार की कार्रवाई के साथ ही इस वर्ष जम्मू क्षेत्र में अलग-अलग अभियानों में सुरक्षाबलों द्वारा मारे गए जेईएम आतंकवादियों की संख्या छह हो गई है। इससे पहले उधमपुर में दो और कठुआ जिले में एक आतंकवादी को मार गिराया गया था।

---------------------------------------------------------------------------------------------------