BJP का मास्टर स्ट्रोक, महिला के हाथ में दिल्ली की कमान, रेखा गुप्ता होंगी CM… प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम
नई दिल्ली: आखिरकार दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया है। रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमँत्री होंगी। RSS ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था, जिसे भाजपा ने मान लिया है। प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम होंगे।बुधवार शाम दिल्ली में भाजपा विधायक दल की बैठक में इसका ऐलान किया गया। कल यानि 20 फरवरी को सुबह करीब 11.00 बजे दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू होगा। उपराज्यपाल वीके सक्सेना दोपहर 12.35 बजे नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। पहले यह कार्यक्रम शाम 4.30 बजे के लिए प्रस्तावित था। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रहने की भी उम्मीद जताई जा रही है।
शालीमार बाग से विधायक बनीं रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को हरियाणा के जुलाना में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से कॉमर्स में ग्रैजुएशन करने के बाद प्रबंधन और कला में मास्टर्स की डिग्री हासिल की। उनका राजनीतिक सफर 1993 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरू हुआ। साल 1996-97 में वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की अध्यक्ष बनीं। इसके बाद 2007 और 2012 में उन्होंने नॉर्थ पीतमपुरा से नगर निगम पार्षद का चुनाव जीता। 2022 में वह दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर पद की बीजेपी उम्मीदवार भी रहीं। साल 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने शालीमार बाग सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को 29,595 वोटों के अंतर से हराया।