Saturday, February 21, 2026
Latest:
Top Newsराज्य

जातिगत जनगणना तो अभी शुरुआत है, पिक्चर तो अभी बाकी है… बोले तेजस्वी यादव

पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने जातिगत जनगणना को लेकर केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में पहला कदम बताते हुए कहा, “जातिगत जनगणना तो शुरुआत है, पिक्चर अभी बाकी है।”

एक्स पर साझा किया एजेंडा:
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर दावा किया कि जातिगत जनगणना की पहल उन्हीं की सरकार ने की थी और यह महज़ एक शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अब पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र बनाए जाएंगे। साथ ही, निजी क्षेत्र, ठेकेदारी और न्यायपालिका में आरक्षण की व्यवस्था लागू की जाएगी।

मंडल कमीशन की सिफारिशें होंगी लागू:
तेजस्वी ने घोषणा की कि मंडल कमीशन की बची हुई सिफारिशें भी लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना की रिपोर्ट के आधार पर आबादी के अनुपात में आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और विशेष आर्थिक पैकेज दिलाने की भी मांग दोहराई।

भाजपा और संघ पर निशाना:
तेजस्वी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हमला करते हुए लिखा, “समता विरोधी संकीर्ण मानसिकता के भाजपाई और संघी हमें आज गाली देंगे, लेकिन बाद में हमारे ही एजेंडे को अपना मास्टर स्ट्रोक कहेंगे। कितने खोखले लोग हैं ये।”

---------------------------------------------------------------------------------------------------