Top Newsउत्तर प्रदेश

चिकित्सा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु एलईडी प्रचार वाहन को सीडीओ ने हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

गोण्डा 13 अप्रैल,2026।
जनपद में स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में मुख्य विकास अधिकारी गोण्डा श्रीमती अंकिता जैन द्वारा आयुष्मान भारत योजना एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह पहल आम नागरिकों एवं राज्य कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से की गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ बिना किसी आर्थिक बाधा के पहुंचे। इसके लिए योजनाओं की जानकारी का आमजन तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक है।

एलईडी प्रचार वाहन जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर दोनों योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाले लाभ, पात्रता मानदंड, गोल्डन कार्ड की उपयोगिता तथा कैशलेस उपचार की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देगा। इस वाहन के माध्यम से ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति द्वारा सरल भाषा में लोगों को जागरूक किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। वहीं
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, एसीएमओ/नोडल अधिकारी आयुष्मान, गोंडा सहित स्वास्थ्य विभाग के डीआईयू टीम के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------