JioHotstar में लॉन्च हुआ ChatGPT आधारित वॉयस असिस्टेंट, कंटेंट सर्च का तरीका बदलेगा

नई दिल्ली। भारतीय स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म JioHotstar ने गुरुवार को इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान एक बड़े तकनीकी कदम का ऐलान किया। कंपनी ने OpenAI के साथ पार्टनरशिप के तहत अपने ऐप में ChatGPT-पावर्ड वॉयस और टेक्स्ट असिस्टेंट को इंटीग्रेट करने की घोषणा की है। इस नए फीचर का मकसद यूजर्स को नेचुरल लैंग्वेज के जरिए कंटेंट खोजने और देखने का अनुभव पूरी तरह बदलना है।
वॉयस और टेक्स्ट से होगा कंटेंट डिस्कवरी
कंपनी के अनुसार, यह ChatGPT आधारित मल्टीलिंगुअल डिस्कवरी टूल यूजर्स को सिर्फ कीवर्ड सर्च तक सीमित नहीं रखेगा। अब यूजर्स बोलकर या टाइप करके अपने मूड, पसंदीदा जॉनर, पारिवारिक माहौल या किसी खास सिचुएशन के हिसाब से कंटेंट खोज सकेंगे। इससे एंडलेस स्क्रॉलिंग की जरूरत कम होगी और पर्सनलाइज्ड रिकमेंडेशन तुरंत मिलेंगे।
OpenAI APIs पर आधारित स्मार्ट इंटरफेस
JioHotstar की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि इस पार्टनरशिप के केंद्र में OpenAI APIs का इस्तेमाल कर तैयार किया गया ChatGPT-पावर्ड इंटरफेस है। हालांकि तकनीकी विवरण साझा नहीं किए गए हैं, लेकिन यह टूल स्पीच-टू-टेक्स्ट और टेक्स्ट-टू-स्पीच तकनीक के जरिए कई भारतीय भाषाओं में वॉयस इंटरैक्शन को सपोर्ट करेगा। कंपनी इसे ‘मल्टीलिंगुअल कॉग्निटिव सर्च’ बता रही है।

मूड और सिचुएशन के हिसाब से सुझाव
JioHotstar के मुताबिक, यूजर्स अब ऐसे सवाल कर सकेंगे— “मेरे पेरेंट्स आ रहे हैं, कुछ ऐसा बताइए जो हम सब साथ देख सकें” या “हम जुड़वां बच्चों पर बनी फिल्में देखना चाहते हैं।” AI इन सवालों के पीछे छिपे इरादे, सांस्कृतिक संदर्भ और बारीकियों को समझकर प्लेटफॉर्म के कैटलॉग से उपयुक्त कंटेंट सजेस्ट करेगा।
लाइव स्पोर्ट्स में भी मिलेगी AI मदद
यह AI आधारित असिस्टेंट सिर्फ ऑन-डिमांड कंटेंट तक सीमित नहीं रहेगा। JioHotstar के अनुसार, लाइव स्पोर्ट्स के दौरान भी यूजर्स रियल टाइम में स्कोर, प्लेयर हाइलाइट्स और अहम पलों से जुड़ी जानकारी बातचीत के जरिए हासिल कर सकेंगे। कंपनी का दावा है कि इससे ‘क्या देखें’ की उलझन काफी हद तक दूर होगी।


