Saturday, February 21, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट प्रांगण में किया ध्वजारोहण

बरेली, 15 अगस्त। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के अवसर कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण किया। उसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ राष्ट्रगान गाया।

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिवार की ओर से सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चरण में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि हमारा देश पूरे विश्व के सामने महाशक्ति बन कर आया है। हम चौथी अर्थव्यवस्था बन गए हैं, तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में कार्यरत है।

जिलाधिकारी ने ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े अधिकारी/सैनिकों को शुभकामनाएं दी और कहा कि हमारा देश पहले सोने की चिड़िया के रुप में जाना जाता था, पुनः उसे 2047 तक सोने की चिड़िया बनाएगें और उसे विश्व गुरू बनाएगें। कुछ लोग नकारात्मक सोच के होते है जो विभिन्न वादों का सहारा लेकर देश में दिवारें खड़ी करने की कोशिश करते रहते हैं लेकिन हमें समझना होगा कि धर्मवाद, जातिवाद, क्षेत्रवाद, सम्प्रदाय वाद आदि इन सबसे ऊपर है राष्ट्रवाद। इसके साथ हमें कर्मवाद को अपनाना होगा, कर्म के माध्यम से ही 2047 के स्वप्न को हम पूरा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी की संख्या 80 प्रतिशत है उन तक लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है व उनका सहारा बनना है। हमें अपने जनपद को विकास की गति को बढ़ाने के लिए और तेजी से कार्य करना है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितो महरून निशा, सलीम खां, इशहाक खां, किरन आजाद, असद महमूद, विमल जौहरी, उर्मिला असद, अजय भारत, अनिल कुमार साहनी, देवांग सक्सेना, नवाब लियाकत अली, मुस्तफा अली खान, शगुफता खान, राशि आनंद, फरहानाबी, पुष्पलता गुप्ता, जयपाल व मिथलेश ठाकुर को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर द्रौपदी कन्या इंटर कालेज की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों का गायन किया गया। जिलाधिकारी ने द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं- कृष्निसा मिश्रा, अंकिता जौहरी, इशिका सक्सेना, वैष्णवी गुप्ता, अर्पिता, सौम्या कसौधन, खुशी अग्रवाल व वैष्णवी राठौर तथा शिक्षक/शिक्षिकाओं में श्रुति प्रज्ञानन, चक्षुप्रिया सोम व डॉ0 राम श्री को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) श्री संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी/कर्मचारी व बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------