चिल्ड्रेन्स अकादमी विद्यालय में आयोजित शैक्षिक शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न


चिल्ड्रेन्स अकादमी कॉलेज, लखनऊ आज हमारे विद्यालय में आयोजित बहुप्रतीक्षित शैक्षिक शिविर (Camp) अत्यंत उत्साह और सफलता के साथ सम्पन्न हुआ। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना, उनमें नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, अनुशासन एवं रचनात्मकता का विकास करना था। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में भाग लिया, जिनमें सेना के जवानों द्वारा टेंट लगाने, उन्हें बाँधने में उपयोग में ली जाने वाली रस्सी को विभिन्न प्रकार से बाँधने के विषय में जानकारी छात्रों को देना, टेंट के अंदर बेड किस प्रकार से लगाया जाता है की, जंगल में जानवरों से बचने और मुसीबत में सहायता मांगनें के विभिन्न तरीकों के विषय में जानकारी दी गई।

इसके अलावा पुलिस तथा अग्नि शमन के इंस्पेक्टर द्वारा यातायात सुरक्षा तथा आग लगने की स्थिति में बचाव किस प्रकार से किया जाये की पूर्ण जानकारी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में सहभागिता निभाई और अपने कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिविर में विशेष रूप से “प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण” विषय पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित हो सके। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने टेंट बनाने व सजाने के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके साथ-साथ विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत नाटक व इंग्लिश पोएम की प्रस्तुति सराहनीय रही व आकर्षण का विषय बनी शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने इस अवसर पर विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर शिक्षा को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान करते हैं और विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। उन्होंने शिक्षकों एवं आयोजकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की। विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए टेंट्स को जज करने विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती हेमा कलाकोटी (प्रधानाचार्या ए.पी. एस.)तथा श्रीमती अंजू खान उपस्थित रहीं।
यह शिविर विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव रहा, जिसने उन्हें न केवल नई जानकारियाँ दीं, बल्कि जीवन कौशल भी सिखाए।
