रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कार्य परिषद की बैठक संपन्न, कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए

बरेली,27 मार्च। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के कुलपति कार्यालय स्थित समिति कक्ष में कल विश्वविद्यालय कार्य परिषद (एक्जीक्यूटिव काउंसिल) की बैठक कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक के प्रारंभ में नवनियुक्त माननीय सदस्यों श्री घनश्याम खंडेलवाल, प्रोफेसर अजीत सिंह नैन, प्रोफेसर रजनी रंजन सिंह, प्रोफेसर अंजू अग्रवाल, प्रोफेसर हरिकेश सिंह, प्रोफेसर दुष्यंत कुमार एवं प्रोफेसर अनुपम मेहरोत्रा का सदन में स्वागत किया गया।
तत्पश्चात विश्वविद्यालय के स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल जी (माननीय विधायक) के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। इसके बाद, पूर्व में दिनांक 6 नवंबर 2025 को दीक्षांत समारोह के दृष्टिगत आहूत विशेष कार्य परिषद की बैठक में लिए गए निर्णयों एवं कार्रवाई को सदन के समक्ष रखा गया, जिसे सदन द्वारा अनुमोदित कर दिया गया।
बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए:
1. विभागीय पदोन्नति: विश्वविद्यालय के 10 गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की विभागीय पदोन्नति तथा दो शिक्षकों एवं सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष को करियर एडवांसमेंट स्कीम के अंतर्गत विभागीय प्रोन्नति किए जाने के निर्णय को सदन के द्वारा अनुमोदित किया गया।
2. एआई पॉलिसी 2026: विश्वविद्यालय को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में वैश्विक उत्कृष्टता केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पॉलिसी 2026’ का ड्राफ्ट सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। विश्वविद्यालय में अटल सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पूर्व से कार्यरत है। इस नीति का सदन द्वारा अनुमोदन कर दिया गया।

3. दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा: यूजीसी कैटेगरी-1 विश्वविद्यालय का दर्जा प्राप्त होने के उपरांत, विश्वविद्यालय द्वारा सेंटर ऑफ डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन शुरू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत संचालित किए जाने वाले पाठ्यक्रमों के फीस स्ट्रक्चर के विषय में सदन को अवगत कराया गया।
4. एम.टेक. की फीस में कमी: छात्र हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए, विश्वविद्यालय ने एम.टेक. की वार्षिक फीस को ₹1,00,000 से घटाकर ₹80,000 प्रतिवर्ष कर दिया है।
5. शिक्षकों के वेतन में वृद्धि: एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय के तहत, संगठक कॉलेज के शिक्षकों के वेतन में 5% की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया, जिसे सदन द्वारा सहर्ष स्वीकृति प्रदान की गई।
6. शोध उपाधि एवं नियम: विभिन्न विषयों में संपन्न हुई सफल मौखिक परीक्षा के आधार पर 13 शोधार्थियों को शोध उपाधि प्रदान किए जाने से परिषद को अवगत कराया गया। साथ ही, यूजीसी के नोटिफिकेशन के अनुसार शोध प्रबंध जमा करने के नवीन नियमों का भी अनुमोदन किया गया।
इस बैठक में महामहिम कुलाधिपति के नॉमिनी प्रोफेसर अजीत सिंह नैन, विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री हरीश चंद, वित्त अधिकारी श्री विनोद कुमार, प्रोफेसर विजय बहादुर सिंह यादव, प्रोफेसर अंजू अग्रवाल, प्रोफेसर उपेंद्र कुमार, प्रोफेसर विनय कुमार, प्रोफेसर विनय ऋषिवाल, प्रोफेसर दुष्यंत कुमार, प्रोफेसर हरिकेश सिंह, प्रोफेसर अनुपमा मेहरोत्रा, डॉ. संजीव कुमार सक्सेना, डॉ. रामकेवल, डॉ. विमल कुमार, डॉ. सौरभ वर्मा एवं डॉ. आशीष जैन सहित विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सकसेना की रिपोर्ट
