सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने पर इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान में प्रदर्शनी का आयोजन
लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार की ‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति’ के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी लखनऊ में इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक थे। उनके साथ लखनऊ के विधायक श्री राजेश्वर सिंह और डॉ. नीरज बोरा भी उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। जलकल विभाग और सुएज इंडिया द्वारा भी शहर में सीवर सफाई से जुड़े आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई।

आज सरोजिनी नगर के विधायक श्री राजेश्वर सिंह ने जलकल विभाग के स्टॉल का दौरा कर सीवर सफाई में उपयोग किए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों और उनकी कार्यप्रणाली को समझा। इस अवसर पर जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह, सुएज इंडिया के सेफ्टी मैनेजर पंकज सिंह एवं जनसंपर्क अधिकारी अक्षत सक्सेना ने प्रदर्शनी में आए गणमान्य व्यक्तियों को सीवर सफाई के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से लखनऊ के नागरिकों को भी सरकार की योजनाओं और सफाई कार्यों में आधुनिक तकनीकों की भूमिका के बारे में जागरूक किया जा रहा है।