Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोरखपुर: मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद की गोली मारकर हत्या, मौत तक रुक कर इंतजार करते रहे हत्यारे

गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कुछ बदमाशों ने पूर्व पार्षद की दिनदहाड़े हत्या कर दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक बदमाश पहले से घात लगाकर बैठे हुए थे। रोक की तरह जब पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उन्हें गोली मार दी। इसके बाद बदमाशों ने चाकू से कई बार उनपर हमला किया। इसके बाद बदमाश तब तक वहां रुके रहे, जब तक उन्हें यह यकीन हो गया कि राजकुमार की मौत हो गई है। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मॉर्निंग वॉक पर निकले थे पूर्व पार्षद
दरअसल, पूरी घटना चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके की है। यहां मंगलवार सुबह रोज की तरह मार्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान को बदमाशों ने घेरकर गोलियों और चाकुओं से इस कदर हमला किया कि मौके पर ही खौफ का मंजर बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही राजकुमार चौहान वहां पहुंचे, बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। पहले सिर में गोली मारी गई, फिर सीने पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए गए। खून से लथपथ हालत में भी वह करीब 100 मीटर तक जिंदगी की जंग लड़ते हुए भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें दोबारा घेर लिया और तब तक हमला करते रहे, जब तक उनकी सांसें थम नहीं गईं।

मौत तक इंतजार करते रहे हत्यारे
वारदात के बाद हमलावरों का बेखौफ अंदाज भी लोगों को हैरान कर गया। बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ देर तक मौके पर ही बैठे रहे, जैसे किसी को चुनौती दे रहे हों, और जब उन्हें यकीन हो गया कि राजकुमार चौहान की मौत हो चुकी है, तब आराम से फरार हो गए। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुटे हैं और हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।

---------------------------------------------------------------------------------------------------