Friday, March 20, 2026
Latest:
मनोरंजन

सोनी सब के ‘गणेश कार्तिकेय’ में देवी पार्वती ने अटूट भक्ति से जगाया भगवान महादेव को

मुंबई, मार्च, 2026: सोनी सब लेकर आया है भक्ति, परिवार और दिव्य ज्ञान की अमर कहानियाँ गाथा शिव परिवार की– गणेश कार्तिकेय के माध्यम से। शिव परिवार के गहरे बंधन का उत्सव मनाते हुए, शो खूबसूरती से भगवान गणेश (निर्णय समाधिया) और भगवान कार्तिकेय (सुभान खान) की कम जानी जाने वाली कथाओं को प्रस्तुत करता है। भगवान शिव (अविनेश रेखी) और देवी पार्वती (श्रेनु पारिख) के प्रिय पुत्रों की ये दिव्य गाथाएँ आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती हैं। शो में आध्यात्मिक गहराई और परिवार के भावुक पलों का सुंदर संगम दिखाया गया है, जो रिश्तों और मूल्यों को उजागर करता है।

आने वाले एपिसोड्स में कथा देवी पार्वती और भगवान शिव के दिव्य मिलन की ओर बढ़ती है। सती के बलिदान के बाद पुनर्जन्म लेकर पार्वती महादेव को जागृत करने के संकल्प के साथ तपस्या शुरू करती हैं। महादेव गहरे ध्यान और शोक में लीन रहते हैं, लेकिन पार्वती वर्षों तक कठिन तप और सेवा करती हैं। इस बीच, राक्षस तारकासुर (आमिर दलवी) का अत्याचार ब्रह्मांड को संकट में डाल देता है। कामदेव (करण चौधरी) प्रेमबाण से शिव का ध्यान भंग करने का प्रयास करते हैं, जिससे शिव प्रचंड क्रोध में कामदेव को भस्म कर देते हैं। परंतु पार्वती की अटूट भक्ति धीरे-धीरे शिव के दुःख को पिघलाती है और उनके नियति-निर्धारित मिलन की राह बनाती है। यह एक ऐसा क्षण है, जो ब्रह्मांडीय संतुलन को पुनः स्थापित करता है और उस पुत्र के जन्म का मार्ग प्रशस्त करता है, जो तारकासुर का अंत करेगा।

‘गणेश कार्तिकेय’ में देवी पार्वती का किरदार निभा रहीं श्रेनु पारिख ने साझा किया, “इस चरण में देवी पार्वती का किरदार निभाना मेरे लिए बेहद खास रहा, क्योंकि यह उनकी भक्ति और शक्ति की गहराई को दर्शाता है। देवी पार्वती के रूप में पुनर्जन्म लेने के बाद, वे देवी सती के बलिदान और भगवान शिव के दुःख की स्मृति साथ लेकर आती हैं। यही स्मृति उन्हें महादेव को संसार में वापस लाने के लिए दृढ़ संकल्प देती है। जिन दृश्यों में वह वर्षों तक तपस्या करती हैं और भगवान शिव के प्रति अपने प्रेम में विश्वास बनाए रखती हैं, उन्हें शूट करना बेहद भावुक अनुभव था। मुझे देवी पार्वती की सबसे प्रेरणादायक बात उनकी धैर्य और अटूट आस्था लगती है, भले ही भगवान शिव प्रतिक्रिया न दें, वे हार नहीं मानतीं। यह ट्रैक खूबसूरती से दर्शाता है कि भक्ति, धैर्य और सच्चा प्रेम सबसे गहरे दुःख को भी बदलने की शक्ति रखते हैं।”

सोनी सब पर देखिए गणेश कार्तिकेय, हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------