6वें कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का भव्य समापन समारोह सम्पन्न

बरेली,12 फरवरी।मेरा युवा भारत बरेली युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय व गृह मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 6वें कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का समापन समारोह गरिमामय व उत्साहपूर्वक वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम नवाबगंज निधि शुक्ला, पूर्व डीएसपी जे.एस. पाटनी तथा उत्तर प्रदेश सरकार के प्रदेश सचिव उ०प्र० अपराध निरोधक समिति रवि गोयल उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान कश्मीर से आए युवाओं ने अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कश्मीर की समृद्ध लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। वहीं विश्विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी डॉ. ज्योति पांडेय के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सहित संपूर्ण भारत की सांस्कृतिक विविधता को रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
समापन अवसर पर श्रीनगर टीम द्वारा पिछले पाँच दिनों की गतिविधियों पर आधारित एक आकर्षक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने प्रशंसा की। डॉक्यूमेंट्री में बरेली भ्रमण, शैक्षणिक संस्थानों के दौरे, सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं आपसी संवाद के प्रेरणादायक क्षणों को दर्शाया गया।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने सम्पूर्ण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र की विविधता को समझने और आपसी सद्भाव को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर से आए युवाओं और स्थानीय विद्यार्थियों के बीच यह संवाद राष्ट्रीय एकता की मजबूत कड़ी है।

एसडीएम निधि शुक्ला ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और ऐसे आदान-प्रदान कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
पूर्व डीएसपी जे.एस. पाटनी ने कहा कि कश्मीर और उत्तर प्रदेश के युवाओं के बीच यह सांस्कृतिक सेतु आने वाले समय में और अधिक मजबूत होगा तथा देश की एकता एवं अखंडता को नई ऊर्जा देगा।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिये प्रातः योग, ध्यान शिविर भी आयोजित किया गया व सांयकाल में विश्विद्यालय परिसर स्थित पांचाल संग्रहालय का भी भ्रमण कराया गया व कार्यक्रम में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर माय भारत बरेली की उपनिदेशक पुष्पा सिंह, समाजसेवी भूपेंद्र सिंह, समाजसेवी निमिषा सिंह, चीफ प्रॉक्टर रविन्द्र सिंह, चीफ वार्डन डॉ अशोक कुमार सिंह, डॉ सुमित श्रीवास्तव, डॉ तुलिका सक्सेना, जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया, शिखर रस्तोगी, डॉ अनिल बिष्ट, डॉ छवि शर्मा, डॉ सुनील कुमार, सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा, सहायक सुरक्षा प्रभारी रामप्रकाश शाही,स्वाति सिंह, नीरा श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, दिव्यांशी मिश्रा, आकांक्षा मिश्रा, राज्य प्रशिक्षक अजय राज शर्मा, अमित तोमर, मोहित शर्मा, आलोक पटेल, तरुण, शिवांग, खुशनाज़, परिणीता, लवी शर्मा, वीरेंद्र सहित विभिन्न माय भारत स्वयंसेवक उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


