Himachal Weather: हिमाचल में भारी ओलावृष्टि और आंधी का ऑरेंज अलर्ट, हिमपात के बाद सफेद चादर से ढकी वादियां

शिमला। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू व शिमला में कुछ स्थानों पर भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी भी चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात, जबकि निचले क्षेत्रों में आंधी के साथ वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।

बता दें, कुल्लू, मनाली सहित लाहौल के ऊंचे पर्यटन स्थलों में अप्रैल की शुरुआत भी बर्फ के फाहों से हो रही है। घाटी में आने वाले पर्यटकों को ताजा हिमपात ने रोमांचित कर दिया है। कई दिनों से मौसम सुहावना है। गुरुवार को भी ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे देखकर पर्यटन स्थलों में पहुंचे पर्यटक उत्साहित हो उठे। बुधवार रात अटल टनल के साउथ व नोर्थ पोर्टल सहित लाहौल के ऊपरी इलाकों में हिमपात ने वादियों को सफेद चादर से ढक दिया, जिससे गुरुवार को नजारा मनमोहक हो गया। सुबह ही बर्फ के फाहों की उम्मीद लिए पर्यटक सोलंगनाला होते हुए अटल टनल पहुंचे। हालांकि अटल टनल के पास हिमपात नहीं हुआ, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिरे।

लाहौल घाटी की महिला पर्यटन कारोबारी सोनम डोलमा व तेंजिन डोलमा ने बताया कि वीरवार को काफी संख्या में पर्यटक लाहौल घाटी पहुंचे। बर्फ के फाहों की खबर मिलते ही मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों से सैलानियों की भारी भीड़ अटल टनल रोहतांग पहुंची। पर्यटन कारोबारी रोहित, अमित व विवेक ने बताया कि हिमपात के बाद लाहुल घाटी में पर्यटक स्कीइंग, स्नो ट्यूबिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं। होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि हिमपात से पर्यटन उद्योग को राहत मिली है। होटलों में बुकिंग बढ़ गई है। मनाली के पर्यटन कारोबारी हिमपात को समर सीजन के लिए अच्छा संकेत मान रहे हैं।
