तुम आशा रखो, नौकरी पोते-पोती को मिलेगी; योगी के विजन 2047 पर शिवपाल का तीखा हमला
लखनऊ: यूपी विधानसभा में सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने विजन डाक्यूमेंट को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2047 का सपना ऐसे ही है, जैसे ये सरकार आज के बेरोजगारों से कह रही है कि तुम्हारे पोते–पोती को नौकरी मिलेगी, तुम सिर्फ आशा रखो। आज लाखों नौजवान नौकरी के इंतजार में हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। कानून व्यवस्था- अपराधियों का अमृत काल है। महिला सड़क पर आसुरक्षित हैं। 2047 का सपना मत बेचिए, 2025 की सच्चाई का हिसाब दीजिए।
उन्होंने कहा क आपने देखा होगा एक अस्पताल में कुत्ता लेटा हुआ था। गांव के स्वास्थ्य केंद्र ताले में हैं। डॉक्टर नहीं है। दवा नहीं है। अपराध में यूपी देश में नंबर तीन में है। सपा में अपराधियों पर तुरंत कार्रवाई होती थी। आज जनता भगवान भरोसे है। आज स्कूल में शिक्षक नहीं, किताबें नहीं, ड्रेस तक नहीं है। आधे स्कूल में बिजली ही नहीं है। फर्नीचर नहीं है। 2047 में वहां स्मार्ट क्लास रूम कैसे लागू कर पाएंगे। नई शिक्षा नीति में कॉलेजों में सिर्फ परीक्षाएं होती हैं। क्लास नहीं लगती है। सेमेस्टर सिस्टम लागू करने का हाल ये है कि ठंड में बच्चों को परीक्षाएं देनी पड़ती हैं। ठंड की वजह से हाथ तक नहीं चल पाते हैं।


‘शिवपाल ने कहा कि किसी भी भर्ती में बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा है। पैसे देकर सेंटर बनाए जा रहे हैं। उच्च शिक्षा में नई शिक्षा नीति ने चौपट कर दिया। कोई पढ़ाई नहीं हो रही है। साल भर सिर्फ परीक्षाएं होती हैं। क्लास नहीं लगते। ये विजन है आपका। भाजपा ने सिर्फ शिलान्यास और नाम पट्टिका बदलने का काम किया है। गरीब को 2047 तक इंतजार करना होगा। इसका इलाज सिर्फ भाजपा के अमृत काल में होगा। 8 साल की नाकामी को 22 साल के सपने से ढंकने की ये कोशिश है।
