यूपी में देर रात भीषण सड़क हादसा, डीसीएम में घुसी कार, 4 एमबीबीएस छात्रों की मौत

यूपी के अमरोहा में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात हुए भीषण हादसे में वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी के चार एमबीबीएस छात्रों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार आगे चल रही डीसीएम में घुस गई। मौके पर ही चारों छात्रों ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस व यूनिवर्सिटी प्रबंधन के अधिकारी भी पहुंच गए। मृतकों की पहचान की पुष्टि कर परिजनों को सूचना दी जा रही है।

रजबपुर थाना क्षेत्र में अतरासी गांव के पास फ्लाईओवर स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने रात करीब 10 बजे हादसा हुआ। दिल्ली की ओर से जा रही डीसीएम जब फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार सीधा उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों युवकों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अर्णव चक्रवर्ती, आयुष शर्मा, श्रेष्ठ पंचोली और सप्तऋषि के रूप में हुई है। चारों वर्ष 2020 बैच के छात्र थे और वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे। ये दिल्ली और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे।

ये भी पढ़ें:UP में ऐसे कर्मचारियों को नहीं मिलेगी पेंशन, विधानमंडल में बिल लाएगी योगी सरकारये भी पढ़ें:दूल्हा 45 का और 15 साल की थी दुल्हन, इमाम ने नाबालिग का नहीं पढ़ाया निकाह
हादसे की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी अभिषेक यादव और थानाध्यक्ष कोमल तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कार से बाहर निकाला गया। यूनिवर्सिटी के प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी भी स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस ने सभी शवों को मोर्चरी भेजकर परिजनों से संपर्क शुरू कर दिया है। हादसे को लेकर विद्यार्थियों और यूनिवर्सिटी कैंपस में शोक की लहर दौड़ गई है।
