Top Newsदेशराज्य

वैष्णो देवी लैंडस्लाइड में यूपी के कितने और किन लोगों की मौत हुई? सामने आ गई मृतकों की लिस्ट

जम्मू-कश्मीर के कटरा में वैष्णो देवी मार्ग पर मंगलवार को हुए भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक, बताया कि भारी और लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम 20 लोग घायल हो गए। अब इस हादसे में उत्तर प्रदेश के जिन लोगों की मौत हुई उनके नाम और वह कहां के रहने वाले हैं इस बात की जानकारी सामने आ गई है।

यूपी के कितने लोगों की हुई मौत?

उत्तर प्रदेश प्रशासन की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक, वैष्णो देवी मार्ग पर हुई लैंडस्लाइड की घटना में यूपी के 11 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 7 महिलाएं हैं और 4 पुरुष हैं। जान गंवाने वालों में आगरा, मुजफ्फरनगर, बरेली, लखनऊ जैसे जिलों के लोग शामिल हैं।

vaishno devi landslide up death

Image Source : REPORTER
उत्तर प्रदेश के मृतकों का आंकड़ा।

 

सीएम योगी ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जम्मू कश्मीर के वैष्णो देवी यात्रा में हुए प्राकृतिक आपदा की चपेट में आये मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कालकवलित हुए उत्तरप्रदेश के निवासी समस्त मृतक परिजनों को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मृतकों के शव उनके घर पहुंचाए जाने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिये हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जानकारी दी है कि श्राइन बोर्ड की नीति के अनुसार 5 लाख रुपये दिए जाते हैं, आपदा प्रबंधन भी मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये देगा।

उपराज्यपाल ने की घायलों से मुलाकात

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे में घायल लोगों से अस्पताल में मुलाकात की है। वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन को लेकर मनोज सिन्हा ने कहा- “कई लोग तेज बहाव में बह गए। कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। मैंने घायलों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।”