UP में कैसे काम करेंगे नए DGP राजीव कृष्णा? पदभार संभालने के बाद बताया A टू Z प्लान
उत्तर प्रदेश के नए डीजीपी राजीव कृष्णा ने पदभार संभालते ही अपनी कार्ययोजना का खाका प्रस्तुत किया है। उन्होंने विश्व के सबसे बड़े पुलिस बल का नेतृत्व प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद दिया। डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति रहेगी। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ ठोस कार्रवाई होगी।
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण

महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इस दिशा में समाधान पर जोर दिया जाएगा। उनकी कोशिश होगी कि महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें संरक्षण प्रदान करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
जन शिकायतों का समाधान
जन शिकायतों का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता की आवाज सुनी जाएगी और संवेदनशीलता के साथ उनकी शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी। उन्होंने मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
साइबर क्राइम पर क्या कहा?
बढ़ते साइबर अपराध को एक बड़ी समस्या बताते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद से डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ा है, जिसके चलते साइबर क्राइम भी बढ़े हैं। उनकी कोशिश होगी कि टेक्नोलॉजी का बेहतर उपयोग करके साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस सेवाओं में सुधार
डीजीपी ने पुलिस सेवाओं में सुधार और उन्हें नागरिक-केंद्रित बनाने पर भी ध्यान केंद्रित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पुलिस कल्याण को प्राथमिकता देंगे। हमारे पास प्रतिभाशाली पुलिसकर्मी हैं। उनके कौशल की पहचान कर उनका बेहतर उयोग करेंगे।
टेक्नोलॉजी और AI का उपयोग
राजीव कृष्णा ने प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को बहुत अहम बताया। उन्होंने कहा कि हम टेक्नोलॉजी का उपयोग करेंगे। हमने काम किया है, आइडिया है, बेहतर उपयोग करेंगे। एआई एक ‘गेम चेंजर’ साबित होगा।