बेटे को अच्छे मार्क्स दूंगा, खुश करो… शिक्षकों के जाल में फंसी छात्र की मां, लुटा दी अस्मत
Mumbai: हर माता-पिता की यही कामना होती है कि उनका बच्चा अच्छी पढ़ाई करे और जीवन में ऊंचाइयों को छुए। इस सफर में शिक्षक को एक आदर्श और पथप्रदर्शक के रूप में देखा जाता है। लेकिन महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के मलकापुर शहर से आई एक शर्मनाक घटना ने इस पवित्र विश्वास को झकझोर कर रख दिया है।
दो शिक्षकों पर लगा छात्र की मां के साथ दुष्कर्म का आरोप
जानकारी के अनुसार, मलकापुर के नूतन विद्यालय में कार्यरत दो सहायक शिक्षक — समाधान इंगले और अनिल थाटे — पर एक छात्र की 34 वर्षीय मां के साथ बार-बार बलात्कार करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित महिला का आरोप है कि दोनों शिक्षकों ने उसके बेटे को अच्छे अंक दिलाने और कक्षा में प्रथम लाने का लालच देकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया।
धमकियों से दबाव बनाकर किया शोषण
पीड़िता ने बताया कि जब उसने शिक्षकों की बात मानने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसे और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि 10 सितंबर 2024 से 22 अप्रैल 2025 के बीच दोनों शिक्षकों ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस में शिकायत, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
महिला ने मलकापुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने लगातार धमकाने और यौन शोषण करने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नूतन विद्यालय के दोनों शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छात्रों और अभिभावकों में दहशत
इस शर्मनाक घटना के सामने आने के बाद मलकापुर शहर में हड़कंप मच गया है। छात्रों और अभिभावकों के बीच गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है।