Top Newsराज्य

ग्रेटर नोएडा में भांजे ने लिव-इन रिलेशन में रह रही मामी की कर दी हत्‍या, काट डाला गला, जाने पूरा मामला ?

ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) में एक शादीशुदा प्रेमी (Married Lover) ने शुक्रवार को रिश्ते में मामी (Mami) लगने वाली प्रेमिका का कत्ल कर दिया। दोनों एक साथ लिव इन रिलेशनशिप (live in relationship) में रह रहे थे। पुलिस ने हत्या के महज कुछ ही घंटों बाद शनिवार को मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामी और भांजा पिछले आठ साल से रिलेशनशिप में थे। महिला के तीन बच्चे हैं, जबकि प्रेमी भी चार बच्चों का पिता है।

पुलिस के मुताबिक, दादरी के मेवतियान मोहल्ले में मुकीम अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रहता है। मुकीम ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में वेल्डिंग का काम करता है। दादरी कोतवाली क्षेत्र स्थित लुहारली गांव में मुकीम के मामा रहते हैं। मामा के घर आने-जाने के दौरान उसका अपनी मामी शबनम के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। इसके बाद दोनों ग्रेटर नोएडा वेस्ट के हैबतपुर में किराये के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इस बात को लेकर मुकीम का उसकी पत्नी से झगड़ा होने लगा। मुकीम की पत्नी शबनम को साथ रखने का विरोध करने लगी। उधर, प्रेमिका शबनम भी प्रेमी पर अपनी पत्नी को छोड़ने का दबाव बनाने लगी।

दोनों तरफ से घिरे मुकीम ने प्रेमिका शबनम को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। इसके लिए उसने करीब 15 दिन पहले कुलेसरा स्थित निर्माण विहार कॉलोनी में किराये पर कमरा लिया। शुक्रवार को मुकीम और शबनम के बीच झगड़ा हुआ। इसी बीच मुकीम ने चाकू से गला रेतकर शबनम की हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया। शोर सुनकर पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में शबनम का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। घटना की सूचना पुलिस ने तुरंत शबनम के परिजनों को दी। शबनम के परिजन मौके पर पहुंचे। शबनम के बेटे ने आरोपी मुकीम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस ने तुरंत मुकीम की तलाश शुरू की।

सेक्टर इकोटेक-3 पुलिस की टीम ने शनिवार की सुबह चौगानपुर गोलचक्कर के पास मुठभेड़ के दौरान हत्यारोपी मुकीम को धर दबोचा। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक बाइक, तमंचा और चाकू बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बच्चों के विरोध के कारण वारदात को अंजाम दिया
पुलिस के मुताबिक, मुकीम और शबनम पिछले आठ साल से रिलेशनशिप में थे। मुकीम के चार और शबनम के तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि करीब आठ साल पहले शबनम को उसके पति ने तलाक दे दिया था। इसके बाद से दोनों एक दूसरे के संपर्क में आए। दोनों अपने बच्चों को छोड़कर एक साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे, लेकिन अब दोनों के बच्चे इस बात का विरोध करने लगे। परिवार में लगातार विरोध होने की वजह से मुकीम ने शबनम को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची।

शक्ति मोहन अवस्थी, डीसीपी, सेंट्रल नोएडा, ”प्रेमिका का कत्ल करने वाले आरोपी को छह घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया। पत्नी और बच्चों के विरोध करने पर आरोपी ने प्रेमिका का कत्ल किया था। मामले की जांच की जा रही है।”

गाैतमबुद्ध नगर में पहले भी कई की जान जा चुकी
15 मार्च 2024 : सूरजपुर क्षेत्र के बिरौंडी गांव में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
13 जुलाई 2022 : सूरजपुर कस्बे में पति ने पत्नी की हत्या कर दी थी।
17 अप्रैल 2022 : दनकौर कस्बे में परिवार के लोगों ने बुजुर्ग महिला की हत्या की।
26 जनवरी 2022 : दनकौर क्षेत्र के स्पोर्ट्स सिटी परिसर में एक महिला की ईटों से कुचलकर और गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।