Sunday, February 22, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेशराज्य

दिशा इंटर कॉलेज, मुड़िया अहमद नगर, बरेली में नवनिर्मित तीन प्रयोगशाला कक्षों का उद्घाटन

बरेली, 01 मार्च। दिशा इंटर कॉलेज, मुड़िया अहमद नगर बरेली में कल नवनिर्मित तीन प्रयोगशाला कक्षों का उद्घाटन मंडलायुक्त बरेली, श्रीमती सौम्या अग्रवाल जी के कर कमलों द्वारा किया गया। यह विद्यालय विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए समर्पित है और हाल ही में एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा अपनाया गया है। विश्वविद्यालय इस विद्यालय को केजी से पीजी स्तर तक विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस शुभ अवसर पर एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति एवं दिशा समिति बरेली के अध्यक्ष प्रोफेसर के. पी. सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पलता गुप्ता, कुलसचिव श्री संजीव कुमार सिंह, सचिव डॉ. अमित सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. संजय गर्ग, दिशा समिति बरेली की सदस्य डॉ. रजनी अग्रवाल जी, एसपी सिटी श्री मानुष पारिक जी, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्रीमती सौम्या अग्रवाल जी ने कहा कि दिशा स्कूल विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए शिक्षा और समावेशन का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। नई प्रयोगशालाओं के निर्माण से छात्रों को वैज्ञानिक और तकनीकी शिक्षा में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय और दिशा समिति के प्रयासों की सराहना की।

प्रोफेसर के. पी. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय दिशा स्कूल को एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि भविष्य में विद्यालय को और अधिक आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा ताकि यहां के छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिल सके।

नई प्रयोगशालाओं में विज्ञान, गणित और कंप्यूटर से संबंधित उन्नत उपकरण स्थापित किए गए हैं, जो छात्रों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देंगे। इस कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------