पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान पर किए गए हमले की भारत ने निंदा की ,हमले को “कायरतापूर्ण और अमानवीय” बताया

नई दिल्ली। Ministry of External Affairs ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए पाकिस्तान द्वारा काबुल स्थित ओमिद नशा मुक्ति उपचार अस्पताल पर 16 मार्च की रात हवाई हमले की निंदा की। भारत ने इस हमले को “कायरतापूर्ण और अमानवीय” बताया है और कहा है कि किसी भी हालत में अस्पताल जैसे स्थान को सैन्य लक्ष्य नहीं माना जा सकता। बयान में यह भी आरोप लगाया गया कि पाकिस्तान इस नरसंहार को सैन्य कार्रवाई बताकर सही ठहराने की कोशिश कर रहा है। भारत के अनुसार, यह हमला अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला है और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए गंभीर खतरा है। यह पाकिस्तान के “लापरवाह व्यवहार” और अपनी आंतरिक समस्याओं को बाहरी हिंसा के जरिए छिपाने की कोशिश का हिस्सा बताया गया।


बयान में यह भी कहा गया कि यह हमला रमज़ान के पवित्र महीने में किया गया, जो शांति और दया का समय होता है, इसलिए यह और भी निंदनीय है। अस्पताल और मरीजों को निशाना बनाने को किसी भी धर्म, कानून या नैतिकता से सही नहीं ठहराया जा सकता। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मांग की है कि इस हमले के जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाए और अफगानिस्तान में नागरिकों को निशाना बनाना तुरंत बंद किया जाए। अंत में भारत ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और अफगानिस्तान के लोगों के साथ एकजुटता जताते हुए उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के समर्थन को दोहराया।
