भारत अब वेनेजुएला से तेल खरीदेगा? डोनाल्ड ट्रंप बोले- ‘डील हो गई’
वॉशिंगटन : भारत और अमेरिका के बीच अभी कोई द्विपक्षीय व्यापार समझौता अंतिम रूप में नहीं आया है, लेकिन पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने शनिवार को दावा किया कि भारत अब ईरान की जगह वेनेजुएला से तेल आयात करेगा। ट्रंप ने कहा, “हम लोगों ने इसको लेकर डील कर ली है।”
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने हाल ही में भारत को वेनेजुएला से तेल खरीदने का प्रस्ताव दिया। हालांकि भारत की ओर से अभी तक इस प्रस्ताव पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। अमेरिका चाहता है कि भारत रूस और ईरान से तेल आयात कम करे। दिलचस्प है कि जिस वेनेजुएला से ट्रंप अब तेल खरीदने की बात कर रहे हैं, उस पर पहले वे अमेरिका की ओर से विरोध जताते थे। ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला से तेल खरीदने के लिए चीन का स्वागत भी है।

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते की बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को बताया कि बातचीत अच्छे ढंग से चल रही है और निकट भविष्य में इस मोर्चे पर अच्छी खबर की उम्मीद है।

गोयल ने कहा, “हर मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) अपनी शर्तों और खूबियों पर आधारित होता है। हमारी बातचीत शानदार कामकाजी संबंध और व्यक्तिगत मित्रता पर टिकी है। हम इसे जल्द पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।” जब उनसे पूछा गया कि ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ (भारत-ईयू समझौता) के बाद भारत-अमेरिका ‘फादर ऑफ ऑल डील्स’ कब तक बनेगा, तो उन्होंने कहा कि व्यापार समझौते के लिए कोई निश्चित समय सीमा नहीं होती। इसे दोनों देशों के हितों के अनुसार सही समय पर अंतिम रूप दिया जाएगा।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बृहस्पतिवार को अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ व्यापार, महत्वपूर्ण खनिज और रक्षा संबंधों सहित द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। उम्मीद है कि वह अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ भी बैठक करेंगे। पीयूष गोयल ने यह भी कहा कि रूस से तेल खरीद को लेकर भारत और अमेरिका के बीच कोई असहमति नहीं है। “कुछ गलतफहमियां हो सकती थीं, लेकिन उन्हें काफी हद तक सुलझा लिया गया है,” उन्होंने स्पष्ट किया।

