IPL से माही के खिलाड़ी करियर का अंत, जडेजा से इरफान पठान तक हुए भावुक; लीग ने कहा- ‘फॉरएवर एन इमोशन’
नई दिल्ली: महेंद्र सिंह धोनी अब आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खिलाड़ी के रूप में मैदान पर नजर नहीं आएंगे। करीब 18 साल तक अपने खेल और कप्तानी से इस टूर्नामेंट पर छाप छोड़ने वाले माही के खिलाड़ी करियर के अंत की खबर ने क्रिकेट जगत को भावुक कर दिया है। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता जारी रहेगा। फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2027 से पहले उन्हें मेंटर की जिम्मेदारी सौंपी है। इस बदलाव के ऐलान के बाद कई पूर्व और मौजूदा क्रिकेटरों के साथ आईपीएल टीमों ने भी धोनी के सम्मान में खास संदेश साझा किए। इनमें रवींद्र जडेजा की प्रतिक्रिया ने खास तौर पर प्रशंसकों का ध्यान खींचा।धोनी के साथ लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने वाले रवींद्र जडेजा ने इंस्टाग्राम पर एक संक्षिप्त लेकिन भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा, ‘8 का 7 के लिए सम्मान हमेशा।’ इसके साथ उन्होंने हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी साझा किया। दरअसल, जडेजा की जर्सी का नंबर 8 है, जबकि धोनी लंबे समय से 7 नंबर की जर्सी पहनते रहे हैं।
जडेजा के इस संदेश में अपने पूर्व कप्तान के प्रति सम्मान साफ नजर आया। चेन्नई सुपर किंग्स ने भी उनकी पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा, ‘थाला थलापति फॉरएवर।’ फ्रेंचाइजी की इस प्रतिक्रिया के बाद दोनों खिलाड़ियों के रिश्ते को लेकर प्रशंसकों के बीच चर्चा तेज हो गई।
इरफान पठान ने बताया धोनी को भारतीय क्रिकेट की बड़ी विरासत
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी धोनी के योगदान को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने धोनी को बेहतरीन कप्तान, शानदार फिनिशर और दबाव में शांत रहने वाला खिलाड़ी बताया। इरफान के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट में धोनी की शख्सियत और उनके योगदान की बराबरी करना आसान नहीं होगा।
उन्होंने माही को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनका अनुभव और क्रिकेट की समझ आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करती रहेगी।
शिखर धवन ने भी माही के लिए लिखा खास संदेश
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी धोनी के सम्मान में अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने माही की कप्तानी, शांत स्वभाव और क्रिकेट पर उनके प्रभाव की सराहना की।
धवन ने कहा कि धोनी ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। खिलाड़ी के तौर पर भले ही वह अब एक कदम पीछे हट रहे हों, लेकिन क्रिकेट पर उनका प्रभाव हमेशा बना रहेगा। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स में नई जिम्मेदारी के लिए भी धोनी को शुभकामनाएं दीं।
मुंबई इंडियंस और IPL ने भी किया माही को सलाम
धोनी के सम्मान में उनकी प्रतिद्वंद्वी टीम मुंबई इंडियंस ने भी खास अंदाज में प्रतिक्रिया दी। फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा और धोनी की एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों वानखेड़े स्टेडियम में हाथ में माइक लिए नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ नीले और पीले दिल के अलावा हाथ मिलाने वाला इमोजी भी लगाया गया।

वहीं, आईपीएल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ने धोनी की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें ‘फॉरएवर एन इमोशन’ बताया। इस संदेश के जरिए लीग ने धोनी के लंबे सफर, उपलब्धियों और प्रशंसकों के बीच उनकी खास जगह को सलाम किया।
CSK ने मेंटर बनाकर धोनी को सौंपी नई जिम्मेदारी
चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को धोनी को मेंटर बनाने का ऐलान किया था। टीम के मालिक एन श्रीनिवासन ने कहा कि धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना करना मुश्किल है।
वहीं, टीम की सह-मालिक रूपा गुरुनाथ ने उनके अनुभव को फ्रेंचाइजी के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उनका मानना है कि बदलाव के दौर से गुजर रही टीम के युवा खिलाड़ियों को धोनी के मार्गदर्शन से काफी फायदा मिलेगा।
धोनी का आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर सफर भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका जुड़ाव बना रहेगा। अब उनकी भूमिका बदलने जा रही है। मैदान पर अपने प्रदर्शन से पहचान बनाने के बजाय वह नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने और टीम को अपने अनुभव से मजबूत बनाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
