आईवीआरआई की छात्रा ने वैश्विक एग्री-फूड सम्मेलन में जीता स्वर्ण पदक

बरेली, 24 मार्च।भाकृअनुप–भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर- आईवीआरआई), इज्जतनगर की स्नातक छात्रा दिवांशी सैनी ने अपने उत्कृष्ट वक्तृत्व कौशल और बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए “ग्लोबल कॉन्फ्रेंस ऑन वीमेन इन एग्री-फूड सिस्टम्स 2026” के दौरान आयोजित राष्ट्रीय स्तर की वक्तृत्व (एलोक्यूशन) प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।

यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-आईएआरआई) में आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया गया। इस सम्मेलन में 20 से अधिक देशों से आए 700 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिससे यह कार्यक्रम कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने वाला एक वैश्विक मंच बन गया।
सम्मेलन के अंतर्गत शैक्षणिक और बौद्धिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इनमें वक्तृत्व प्रतियोगिता विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें चयन की प्रक्रिया अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक थी। देश को उत्तर, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण—चार क्षेत्रों में विभाजित किया गया था तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों से स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) वर्ग में दो-दो प्रतिभागियों का नामांकन किया गया। इसके पश्चात क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित ऑनलाइन स्क्रीनिंग के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र से यूजी और पीजी वर्ग के दो-दो प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 16 प्रतिभागियों में आईसीएआर-आईवीआरआई से दो प्रतिनिधियों ने स्थान प्राप्त किया—
* दिवांशी सैनी (स्नातक वर्ग)
* डॉ. निवेदिता द्विवेदी (स्नातकोत्तर वर्ग)
इन सभी प्रतिभागियों के बीच अंतिम प्रतियोगिता आईसीएआर-आईएआरआई, नई दिल्ली में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में दिवांशी सैनी ने अपने प्रभावशाली वक्तृत्व, स्पष्ट विचार और प्रभावी प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
दिवांशी सैनी की यह उपलब्धि आईसीएआर-आईवीआरआई के लिए अत्यंत गौरव का विषय है तथा यह संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता और छात्र प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित करने की परंपरा को और सुदृढ़ करती है। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
