फायरिंग कर कैश वैन से की थी 93 लाख लूट, कर्नाटक पुलिस ने जालंधर में रेड कर इस तरह पकड़ा आरोपी
जालंधर: कर्नाटक में कैश वैन से 93 लाख की लूट करने के मामला को लेलकर कर्नाटक पुलिस द्वारा जालंधर में रेड की गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बताया जा रहा है कि कर्नाटक पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है।
दरअसल, बिहार के रहने वाले आलोक कुमार उर्फ आशुतोष और अमन कुमार ने एक साथ मिलकर बीते 16 जनवरी को कर्नाटक में एसबीआई बैंक की कैश वैन को घेर कर मिर्ची पाउडर आंख में झोंक दिया और फायरिंग शुरू कर दी। इस सारे घटनाक्रम में एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। वहीं, दूसरा व्यक्ति घटना में गंभीर रूप से जख्मी हुआ था। ये लूट करीब 93 लाख रुपए की थी। उक्त वारदात के बाद से पुलिस आरोपियों के पीछे लगी हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने जालंधर में रेड कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
आरोपी के पकड़ने के लिए कर्नाटक पुलिस की सहायता के लिए जालंधर सिटी पुलिस की एक टीम भी गई थी। ये रेड थाना डिवीजन नंबर-1 के एरिया में पड़ते डीएवी कॉलेज की नहर के पास की गई थी। पहले एक घर के अंदर युवक से पूछताछ की और फिर पुलिस उक्त युवक को फ्लाइट से अपने साथ ले गई। फिलहाल इस मामले को लेकर आरोपी से पूछताछ की जाएगी।