UP Weather: पश्चिम यूपी में 5 अगस्त तक जमकर बरसेंगे बादल, लखनऊ में हल्की बारिश
यूपी के आगरा में गुरुवार को इस सीजन की सबसे लंबी बारिश हुई। इसे कुल 46 मिली मीटर आंका गया है। इतनी ही बारिश में शहर तालाब में तब्दील हो गया। इतनी देर तक अगर मूसलाधार हुई तो हालातों का अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक 3 से 5 अगस्त के बीच पश्चिम यूपी के कई जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं। अगले शनिवार और रविवार को बादल हल्के रहेंगे। दिन में एक या दो बार तेज और मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आ सकती है। दिन का तापमान 30 डिग्री के नीचे जा सकता है।
गुरुवार को सुबह से देर रात तक पश्चिम यूपी के कई जिलों में लगातार बारिश होती रही। पहले कुछ घंटे तेज और बाद में रिमझिम का सिलसिला चला। ऐसा पहली बार था जबकि सुबह से रात तक आसमान से बूंदों का झरना रुका नहीं। इससे मौसम खुशनुमा जरूर बना, लेकिन ज्यादातर शहर जलभराव की भेंट चढ़ गए। मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक कुल 46.0 एमएम बारिश रिकार्ड की है। ऐसा तब है जबकि तेज बारिश कम हुई। दिन के 12 घंटों में रिमझिम ही अधिक देखी गई। बीच में कुछ देर बौछारें भी हुईं। इस दौरान अगर मूसलाधार बारिश होती तो शहर में आवागमन पूरी तरह ठप हो सकता था।


दिन में धूप ने बढ़ा दिया तापमान
शुक्रवार को रात आठ बजे तक बारिश नहीं हुई। दोपहर में तेज धूप भी निकली। इस दौरान दिन का तापमान फिर बढ़ गया। यह 33.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक होकर 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 95 दर्ज किया गया।
रात आठ बजे हुई झमाझम
पूरे दिन की बेरुखी के बाद बादल आठ बजे के बाद मेहरबान हुए। इस दौरान कई हिस्सों में तेज बारिश की खबरें आईं। भगवान टाकीज से सिकंदरा तक भारी बारिश देखी गई। इसी तरह एमजी रोड, बल्केश्वर, कमलानगर, दयालबाग में भी तेज बारिश हुई। फतेहाबाद-शमसाबाद रोड से सटे इलाकों में हल्की बारिश हुई।
