महाभारत के ‘कर्ण’ पंकज धीर का निधन, कैंसर से हारे जंग; फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

मुंबई: टेलीविजन और फिल्म जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बीआर चोपड़ा की कालजयी ‘महाभारत’ में ‘दानवीर कर्ण’ का किरदार निभाकर घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। उनके करीबी दोस्त और अभिनेता अमित बहल ने इस खबर की पुष्टि की है। उनके निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सूत्रों के अनुसार, पंकज धीर कैंसर से जूझ रहे थे। हालांकि, एक बार उन्होंने इस गंभीर बीमारी को मात दे दी थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों में कैंसर दोबारा लौट आया था। उनकी हालत काफी नाजुक थी और हाल ही में उनकी एक बड़ी सर्जरी भी हुई थी, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) ने भी पंकज धीर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। CINTAA द्वारा जारी बयान के मुताबिक, अभिनेता ने 15 अक्टूबर को अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा। गौरतलब है कि पंकज धीर CINTAA के पूर्व महासचिव भी रह चुके थे। पंकज धीर ने अपने लंबे करियर में कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम किया, लेकिन उन्हें असली पहचान 1988 में प्रसारित हुए बीआर चोपड़ा के ‘महाभारत’ से मिली। इस शो में उन्होंने कर्ण के किरदार को जिस संजीदगी और जीवंतता के साथ पर्दे पर उतारा, उसकी मिसाल आज भी दी जाती है। एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि पहले उन्होंने अर्जुन के किरदार के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन मूंछें हटाने से इनकार करने पर बीआर चोपड़ा ने नाराज होकर उन्हें शो से बाहर कर दिया था। हालांकि, 6 महीने बाद चोपड़ा ने खुद उन्हें ‘कर्ण’ के किरदार के लिए चुना, जो उनके करियर का सबसे यादगार रोल बन गया।

‘महाभारत’ के अलावा, उन्होंने ‘चंद्रकांता’ और ‘द ग्रेट मराठा’ जैसे कई ऐतिहासिक और पौराणिक शो में भी काम किया। उन्होंने ‘सोल्जर’, ‘बादशाह’ और ‘सड़क’ जैसी सफल हिंदी फिल्मों में भी अपने अभिनय का लोहा मनवाया। पंकज धीर अपने पीछे पत्नी अनीता धीर और बेटे निकितिन धीर को छोड़ गए हैं। उनके बेटे निकितिन धीर भी एक जाने-माने अभिनेता हैं, जिन्हें ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में ‘थंगाबली’ के किरदार के लिए जाना जाता है। निकितिन ने भी अपने पिता की तरह कई पौराणिक शो में काम किया है और हाल ही में ‘श्रीमद रामायण’ में रावण की भूमिका के लिए प्रशंसा बटोरी थी। उनकी पत्नी कृतिका सेंगर भी एक लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री हैं।
पंकज धीर के निधन से मनोरंजन जगत ने एक बेहतरीन कलाकार खो दिया है। फैंस और सेलेब्रिटीज नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

