मेक्सिको की फातिमा बॉश के सिर सजा मिस यूनिवर्स 2025 का ताज, भारत की मनिका विश्वकर्मा टॉप 12 में नहीं बना पाईं जगह

नई दिल्ली: थाईलैंड में आयोजित मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता में मेक्सिको की फातिमा बॉश ने खिताब अपने नाम कर लिया। उन्हें 2024 की मिस यूनिवर्स डेनमार्क की विक्टोरिया केजर थेलविग ने ताज पहनाया। फिनाले के दौरान फातिमा के नाम की घोषणा होते ही पूरा हॉल उत्साह से भर उठा। ताज पहनाए जाने के पल में उनकी भावनाएं साफ झलक रही थीं। यह उनके वर्षों की मेहनत और समर्पण का नतीजा था।
प्रश्नोत्तर दौर में फातिमा से पूछा गया था कि 2025 में महिलाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां क्या हैं और वह मिस यूनिवर्स का खिताब महिलाओं की सुरक्षा और अवसरों के लिए कैसे उपयोग करेंगी। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि वह अपनी आवाज और प्रभाव का इस्तेमाल बदलाव और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए करेंगी, क्योंकि आज महिलाएं न सिर्फ बोलने बल्कि नेतृत्व करने के लिए भी तैयार हैं।

भारत की मनिका विश्वकर्मा टॉप 12 में जगह नहीं बना पाईं। इस बार 100 से ज्यादा देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। फाइनलिस्ट में चिली, कोलंबिया, क्यूबा, ग्वाडेलोप, मेक्सिको, प्यूर्टो रिको, वेनेजुएला, चीन, फिलीपींस, थाईलैंड, माल्टा और कोटे डी आइवर शामिल रहे। इस वर्ष भारत की बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल जजों के पैनल का हिस्सा थीं।

