मनोरंजन

“मेरा किरदार एक विरोधाभास लिए हुए है, वह शांत, सफल व्यक्ति है, लेकिन भीतर बहुत सारी भावनाएँ दबाकर रखता है”: मनीष खन्ना, इत्ती सी खुशी, सोनी सब

मुंबई, अप्रैल 2026: सोनी सब का शो इत्ती सी खुशी अन्विता (सुम्बुल तौकीर खान) और विराट (रजत वर्मा) की कहानी पेश करता है, जहाँ दोनों प्यार, रिश्तों और ज़िंदगी के नए पड़ाव की चुनौतियों से गुज़रते हैं। जैसे ही उनकी ज़िंदगी स्थिर होने लगती है, कहानी में अनुभवी अभिनेता मनीष खन्ना के प्रवेश से नया मोड़ आता है, जो मिस्टर यश सेठी का जटिल किरदार निभा रहे हैं।

यश सेठी 45 वर्षीय, सेल्फ-मेड बिज़नेसमैन हैं, जिनकी मौजूदगी कमरे में आते ही महसूस होती है। महत्वाकांक्षा और अनुभव से बने इस शख्स में अधिकार, संतुलन और गहरी गंभीरता झलकती है। लेकिन, इस सधे हुए व्यक्तित्व के पीछे एक ऐसा इंसान है, जो भीतर से बेहद अकेला और भावनात्मक रूप से अलग-थलग है। उसके भीतर अनसुलझे तूफान और गुस्सा दबा हुआ है, जो अक्सर अचानक बाहर आ जाता है। उनकी शादी सारा सेठी (भूमिका गुरंग) से है, लेकिन यह रिश्ता आदर्श से बहुत दूर है, ठंडा, दूर और अनकहे गिले-शिकवे से भरा हुआ। ऊपर से यह रिश्ता तनावपूर्ण लगता है, लेकिन असलियत कहीं ज्यादा जटिल है। सारा अक्सर हालात को इस तरह मोड़ देती है कि वह खुद को पीड़ित दिखा सके और यश के गुस्से का फायदा उठाती है, खासकर विराट और अन्विता के सामने।

मनीष खन्ना का यह किरदार शो में नई भावनात्मक परत जोड़ता है, जहाँ सारा की चालाकियाँ अन्विता और विराट के रिश्ते की मजबूती को परखती हैं।

शो में शामिल होने का अपना अनुभव साझा करते हुए मनीष खन्ना ने कहा, “जब मैंने पहली बार यश सेठी के बारे में पढ़ा, तो जो बात मेरे साथ रह गई वह थी उसका कॉन्ट्रास्ट। बाहर से वह एक सधा हुआ, सफल इंसान है, जो सब कुछ कंट्रोल में रखता है, लेकिन जैसे-जैसे मैंने उसे समझना शुरू किया, मुझे एहसास हुआ कि वह भीतर कितनी भावनाएँ दबा कर रखता है। उसके भीतर एक शांत अकेलापन है और लगातार चलने वाला भावनात्मक तनाव, जो हमेशा सामने नहीं आता। शूटिंग के दौरान कई बार ऐसा होता है कि सिर्फ एक ठहराव या नज़र ही संवाद से ज्यादा कह जाती है और यह निभाना बेहद दिलचस्प रहा है। सारा के साथ उसका रिश्ता भी हमेशा आपको चौकन्ना रखता है, क्योंकि यह कभी उतना सीधा नहीं होता जितना दिखता है। यही अनिश्चितता यश को निभाने का अनुभव इतना रोमांचक बना देती है।”

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------